भिलाई में स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा देशभक्ति का जयकारा, महापौर ने स्वच्छ वार्ड को दिया 10 लाख के विकास कार्य का तोहफा
OM Darpan
Aug 17, 2025 05:45 am
390 views
17 Aug 2025
भिलाई नगर (रवि कुमार भास्कर)।
राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम भिलाई में एक नई पहल देखने को मिली। महापौर नीरज पाल और आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में भिलाई निगम के सभी अधिकारी, कर्मचारी और स्वच्छता दीदियों ने प्रभात फेरी निकाली। यह प्रभात फेरी सुपेला चौक से मुख्य कार्यालय स्थित झंडारोहण स्थल तक निकाली गई, जहां पूरे रास्ते तिरंगे झंडे की जय, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे गूंजते रहे। यह दिवस हमें भारतीय होने के गौरव का विशेष स्मरण कराता है और 15 अगस्त की तारीख हमारी सामूहिक स्मृति में गहराई से अंकित है।
महापौर नीरज पाल ने निगम मुख्य कार्यालय परिसर में झंडारोहण किया और सभी अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कर्मचारियों को अपने दिए गए दायित्व को निष्ठापूर्वक निभाने हेतु संबोधित किया। इस अवसर पर महापौर ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की; उन्होंने कहा कि आगामी एक वर्ष के मूल्यांकन के पश्चात सबसे स्वच्छतम वार्ड को अपनी महापौर निधि से विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए निष्ठापूर्वक कार्य करने की बात कही, जबकि आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने भारत के अतीत को याद दिलाते हुए भविष्य के प्रति सतर्क रहने हेतु बात कही।
स्वच्छता में भिलाई की बढ़ती पहचान
भिलाई निगम स्वच्छता के क्षेत्र में देश में नंबर 1 आने के प्रयास में जुटा है। वर्ष 2024 के स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर पालिका निगम भिलाई ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए देश में सातवां स्थान प्राप्त किया है, जबकि प्रदेश में तीसरा स्थान पर रहा। ऐसे में स्वच्छता के प्रति आम लोगों से लेकर स्कूल, कॉलेज के बच्चों को जागरूक करने के लिए निगम ने बड़ी पहल की है।उत्कृष्टता के लिए पुरस्कार
सफाई में श्रेष्ठ काम करने पर श्रेष्ठ वार्ड का अवार्ड वार्ड के जनप्रतिनिधि को दिया गया। इसी प्रकार स्कूल और कॉलेज के बीच भी स्वच्छता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। सभी विजेताओं को रिवाल्विंग ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया, जो निगम क्षेत्र अंतर्गत निवासरत लोगों के लिए स्वच्छता के क्षेत्र में अनूठा है। रिवाल्विंग ट्रॉफी भिलाई शहर के श्रेष्ठ वार्ड, श्रेष्ठ स्कूल, श्रेष्ठ कॉलेज को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में दी गई। यह प्रतियोगिता प्रत्येक दो माह में आयोजित की जाएगी और रिवाल्विंग ट्रॉफी प्रत्येक दो माह में अलग-अलग विजेताओं को मिलती रहेगी। इसी कड़ी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रथम चरण में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रैंक वाले स्वच्छ वार्ड, स्कूल एवं कॉलेज के विजेताओं की घोषणा की गई और उन्हें रिवाल्विंग ट्रॉफी एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।स्वच्छता प्रतियोगिता के विजेता
* स्वच्छतम वार्ड: वैशाली नगर वार्ड 20 (प्रथम स्थान), नेहरू नगर वार्ड 17 (द्वितीय स्थान), सेक्टर 8 वार्ड क्रमांक 68 (तृतीय पुरस्कार)। * स्वच्छ विद्यालय: शकुंतला विद्यालय (प्रथम स्थान), भिलाई नायर समाज स्कूल (द्वितीय पुरस्कार), कृष्णा पब्लिक स्कूल नेहरू नगर (तृतीय पुरस्कार)। * स्वच्छ महाविद्यालय: रुंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज (प्रथम स्थान), एमपी क्रिश्चियन कॉलेज (द्वितीय स्थान), शंकराचार्य नर्सिंग महाविद्यालय आमदीनगर (तृतीय स्थान)। इन सभी विजेताओं से निरंतर ऐसे ही उत्कृष्ट कार्य करने की अपेक्षा की गई है।
उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान
निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया। जिनमें मुख्य रूप से कार्यपालन अभियंता आर. के. राजपूत, उद्यान अधिकारी तिलेश्वर कुमार साहू, देवेंद्र कुमार वर्मा, रोहित बंजारे, चौधरी महानंद, टिकेश्वर, आशीष जॉन्सन, त्रिलोक चंद एवं मोर संगवारी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन