15 सितम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

मानसून का 'यू-टर्न': दिल्ली-एनसीआर समेत 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

OM Darpan

Sep 06, 2026 08:17 pm 314 views
मानसून का 'यू-टर्न': दिल्ली-एनसीआर समेत 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल
 
  • आईएमडी ने जारी किया कई राज्यों के लिए चेतावनी, अरब सागर में मछुआरों को न जाने की दी सलाह

✍️ विशेष संवाददाता नई दिल्ली | देश के एक बड़े हिस्से में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को देश के कई राज्यों में बारिश का ताजा अनुमान जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर हो सकती है, जहां बहुत भारी बारिश का अंदेशा जताया गया है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारों का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है।

दिल्ली में छाएंगे बादल, एनसीआर के शहरों के लिए ऑरेंज अलर्ट

राजधानी दिल्ली में रविवार दोपहर से शाम के बीच आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और कुछ जगहों पर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। हालांकि, आईएमडी ने दिल्ली के लिए फिलहाल कोई औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन दिल्ली से सटे इलाकों जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और नोएडा में बारिश को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है। गौर करने वाली बात है कि पिछले दो दिनों में हुई तेज बारिश ने दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा कर दी थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई थी।

यूपी-एमपी और उत्तराखंड में बरसेंगे बादल, पूर्वोत्तर में भी नमी

मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम कड़े तेवर दिखा सकता है, जहां कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, पूर्वी भारत के राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी नमी के कारण भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

दक्षिण भारत में बिजली गिरने का खतरा, मछुआरों के लिए चेतावनी

पश्चिमी तट पर स्थित कोंकण और गोवा में भी कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है, जबकि गुजरात, महाराष्ट्र और सौराष्ट्र-कच्छ में छिटपुट बारिश देखी जा सकती है। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। केरल और माहे में भी भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने अरब सागर के सोमालिया तट और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी व पश्चिम-मध्य हिस्सों में मछुआरों को न जाने की सलाह दी है। इसके अलावा 6 से 9 सितंबर के बीच ओमान तट और उससे जुड़े उत्तर-पश्चिम अरब सागर के इलाकों में भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।  

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
260916003441698

विज्ञापन

Advertisement