अमलीपदर की रथयात्रा आस्था और संस्कृति की अमूल्य धरोहर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
OM Darpan
Jul 24, 2026 02:26 am
526 views
24 Jul 2026
अमलीपदर (गरियाबंद)।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व में शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हुए रथयात्रा को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। इस अवसर पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू और छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।क्षेत्रवासियों के लिए पुल की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से ग्रामीणों को सालभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।सितंबर तक मिलेगी बिजली बिल में राहत
उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने 'मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना' की अंतिम तिथि सितंबर तक बढ़ाने की घोषणा की। पहले यह समय सीमा जून माह तक तय थी। उन्होंने आम नागरिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साय ने कहा कि सरकार आम जनता पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए संवेदनशील निर्णय ले रही है। महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि महिलाओं के खातों में सीधे राशि भेजकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।सुलझाई गईं 42 हजार शिकायतें
सुशासन का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चौबीसों घंटे सक्रिय है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। वे खुद प्रतिदिन प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रोककर सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई और उनके भविष्य की योजनाओं पर बात की और बच्चों के आग्रह पर उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई।हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालु
रथयात्रा महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्ति संगीत और जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा। सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था संभालने के लिए कलेक्टर बी.एस. उईके और पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर तैनात रहे। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ अपने आत्मीय संवाद से लोगों का दिल जीत लिया, जो कार्यक्रम में चर्चा का केंद्र बना रहा।जरूरी खबरें
विज्ञापन