एशियाई खेल: कबड्डी में भारत का दबदबा, पुरुष और महिला टीमों ने ईरान को हराकर जीते स्वर्ण पदक
OM Darpan
नई दिल्ली।
नागोया (जापान) में चल रहे एशियाई खेलों की कबड्डी स्पर्धा में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। दोनों ही वर्गों के फाइनल मुकाबलों में भारत ने ईरान को मात दी। महिला वर्ग के मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराया, जबकि पुरुष वर्ग में भारतीय टीम ने ईरान को 40-34 से शिकस्त दी। एशियन गेम्स 2026 में भारत का यह चौथा स्वर्ण पदक है।
पुरुष टीम का कड़ा मुकाबला और वापसी
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले की शुरुआत में ईरान की टीम हावी रही। हाफ-टाइम तक ईरान 18-17 की बढ़त बनाए हुए था। हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने जोरदार वापसी की। मैच के दौरान सुमित की टैकलिंग और अर्जुन की रेडिंग ने अहम भूमिका निभाई। खेल समाप्त होने से 3 मिनट 51 सेकंड पहले भारत 36-29 से आगे था और टीम ने अंत तक इस बढ़त को बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
इस जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम ने एशियाई खेलों में अपना 9वां स्वर्ण पदक जीता है। 1990 से एशियाई खेलों में शामिल रहे पुरुष कबड्डी इवेंट में भारत ने 2018 के जकार्ता संस्करण को छोड़कर हर बार स्वर्ण पदक जीता है। 2018 में ईरान ने स्वर्ण और भारत ने कांस्य पदक जीता था।
ग्रुप स्टेज से लेकर फाइनल तक का सफर
इससे पहले ग्रुप स्टेज के मुकाबलों में भारत ने जापान, चीनी ताइपे, बांग्लादेश और कोरिया को हराकर पूल A में शीर्ष स्थान हासिल किया था। इसके बाद सेमीफाइनल मैच में भारत ने थाईलैंड को 66-28 के बड़े अंतर से हराया था।
एशियाई खेलों के इतिहास में कबड्डी में भारत का यह कुल 13वां स्वर्ण पदक है, जिसमें पुरुष टीम के 9 और महिला टीम के 4 स्वर्ण शामिल हैं। मेडल के लिहाज से एथलेटिक्स (85) और शूटिंग (17) के बाद कबड्डी एशियाई खेलों में भारत का तीसरा सबसे सफल खेल इवेंट है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन