सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: चंद घंटों में बस चोरी का आरोपी गिरफ्तार, बस बरामद
OM Darpan
Nov 08, 2024 01:58 am
192 views
08 Nov 2024
[smartslider3 slider=6]
अंबिकापुर (पंकज शुक्ला)।
सरगुजा जिले में थाना कोतवाली पुलिस ने बस चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की गई बस को बरामद कर लिया। आरोपी सुखनंदन खाखा (उम्र 20 वर्ष, निवासी पोकसरी चिपरकाया, थाना बत्तौली) पूर्व में शमीम बस में खलासी का काम करता था और बस की चाबी रखने की जगह की जानकारी रखने के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
प्रार्थी जावेद आलम, निवासी खरसिया नाका, अंबिकापुर ने 1 नवंबर 2024 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 31 अक्टूबर 2024 को उनकी बस (नंबर CG/15/AB/1155) को चालक द्वारा कुनकुरी से वापस लाकर राजधानी पेट्रोल पंप के सामने खरसिया नाका अंबिकापुर में खड़ा किया गया था। 1 नवंबर को सुबह बस का ड्राइवर और कंडक्टर जब बस देखने पहुंचे तो बस गायब थी। काफी प्रयासों के बाद भी बस का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद जावेद आलम ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अपराध क्रमांक 789/24 धारा 303(2) बी. एन. एस. के तहत मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। मुखबिरों की मदद से सूचना मिली कि बस को रायगढ़ रोड की ओर ले जाया गया है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रायगढ़ रोड पर पता तलाश किया और एनएच-43 चिरंगा मोड़ के पास उक्त चोरी हुई बस को बरामद कर लिया।
बस में मौजूद संदेही सुखनंदन खाखा से पूछताछ करने पर उसने बस चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने मौके से बस को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में शमीम बस में खलासी के तौर पर काम कर चुका है और उसे बस की चाबी रखने की जगह की जानकारी थी, जिसे उसने इस घटना के लिए इस्तेमाल किया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली मनीष सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक शत्रुधन सिंह, आरक्षक लालभुवन सिंह, विवेक राय और नितिन सिन्हा शामिल रहे।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन