- पॉकेट एफएम ने ‘शक्तिमान रिटर्न्स’ नाम से 40 एपिसोड की ऑडियो सीरीज़ की लॉन्च
- पर्यावरण संरक्षण पर आधारित है नई कहानी
मुंबई।
ऑडियो सीरीज़ प्लेटफॉर्म पॉकेट एफएम ने भारत के लोकप्रिय सुपरहीरो ‘शक्तिमान’ को एक नए ऑडियो अवतार में लॉन्च किया है। ‘शक्तिमान रिटर्न्स’ नामक इस सीरीज़ में अभिनेता मुकेश खन्ना ने एक बार फिर शक्तिमान के किरदार को अपनी आवाज़ दी है।
40 एपिसोड की यह नई सीरीज़ एक पर्यावरण-आधारित थ्रिलर है, जो पुराने प्रशंसकों को नॉस्टैल्जिया देने के साथ-साथ एक नया सामाजिक संदेश भी देती है।
मानवता के लालच से है इस बार की जंग
लगभग 10 घंटे की इस सिनेमैटिक ऑडियो सीरीज़ में शक्तिमान की जंग किसी पारंपरिक खलनायक से नहीं, बल्कि मानवता के लालच और प्रकृति के अंधाधुंध दोहन से है।
कहानी में ‘महातत्व’ नाम का एक किरदार है, जो पृथ्वी के बिगड़ते संतुलन को किसी भी कीमत पर बहाल करना चाहता है। शक्तिमान को इस संतुलन को बचाने और असली शक्ति के रहस्य को समझने के लिए पांच रहस्यमयी ‘मणियों’ की खोज करनी होगी। सीरीज़ में गंगाधर शास्त्री, गीता विश्वास, महात्मा और टीआरपी बाबा जैसे पुराने यादगार किरदार भी लौट रहे हैं।
‘डिस्ट्रेस्ड विलेंस’ ऐड फिल्म ने बटोरी सुर्खियां
सीरीज़ के लॉन्च के मौके पर पॉकेट एफएम ने 90 के दशक के मशहूर खलनायकों—गुलशन ग्रोवर, रंजीत और सुरेंद्र पाल—को लेकर एक मज़ेदार विज्ञापन फिल्म “डिस्ट्रेस्ड विलेंस” भी रिलीज़ की है। इस विज्ञापन ने दर्शकों के बीच पुरानी यादों को ताज़ा कर दिया है और इसे काफी पसंद किया जा रहा है।








