

शासकीय और निजी चिकित्सालयों में हुआ निशुल्क उपचार
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सराहनीय पहल से जशपुर जिले के 66 बच्चों को नई जिंदगी मिली है। चिरायु योजना के तहत जन्मजात बीमारियों से पीड़ित इन मासूमों को अब राहत मिली है।
चिरायु योजना के प्रभारी डॉ. अरविन्द कुमार रात्रे के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर विभिन्न प्रकार की बीमारियों से ग्रस्त बच्चों का निशुल्क उपचार किया गया। इनमें पैर की विकृति से जूझ रहे 1 बच्चा, होंठ और तालू की विकृति से पीड़ित 14 बच्चे, मोतिया बिंद के 3 मरीज, ह्रदय रोग से ग्रस्त 18 बच्चे, और अन्य बीमारियों से पीड़ित 25 बच्चों का सफल ऑपरेशन किया गया।
जशपुर जिले के कांसाबेल तहसील के बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं जनसाधारण की समस्याओं और मांगों को सुनते हैं। यह कैम्प लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अन्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता करता है।
मुख्यमंत्री कैम्प ने प्रदेशवासियों की सुविधा के लिए 07764-250061 और 07764-250062 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से भी जरूरतमंदों को सहायता प्रदान की जाती है।









