दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)
धमधा विकासखण्ड के ग्राम अहेरी में आज जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी और सांसद विजय बघेल ने भाग लिया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना और उनका मौके पर निराकरण करना था।
कुल 196 आवेदनों में से 134 का विभागीय अधिकारियों द्वारा तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष 62 आवेदनों के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। समाज कल्याण, शिक्षा, खाद्य और कृषि जैसे विभिन्न विभागों से संबंधित सभी आवेदन सफलतापूर्वक निपटाए गए। स्वास्थ्य विभाग के 4 में से 2, विद्युत मंडल के 15 में से 13 और राजस्व विभाग के 65 में से 41 आवेदन भी निराकृत किए गए।
सांसद विजय बघेल ने शिविर में अपने संबोधन में कहा, “प्रशासन को जनता के करीब लाना है। जनता को विभागीय अधिकारियों से पहचान होनी चाहिए ताकि वे अपनी समस्याएं सही ढंग से रख सकें।” उन्होंने यह भी बताया कि समस्याओं का समाधान संभव है यदि निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया जाए।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे केवल शिविर में ही नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत के माध्यम से भी अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ आवेदनों का समाधान करने का निर्देश दिया।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग ने पांच नौनिहालों का अन्न प्राशन कराया, जिसमें सांसद और कलेक्टर ने अपने हाथों से खीर खिलाकर रस्म अदायगी की। इसके साथ ही गर्भवती माताओं को पोषण टोकरी भी भेंट की गई। शिविर में माध्यमिक विद्यालय अहेरी की छात्राओं ने स्वच्छता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिससे लोगों को जागरूक किया गया।
शिविर में जनपद पंचायत धमधा की अध्यक्ष सरस्वती रात्रे, जनपद सदस्य भूपेन्द्र साहू, सरपंच अनिता ठाकुर, उपसरपंच राजेश शर्मा, विधायक प्रतिनिधि अहिवारा सतीश साहू, सहायक कलेक्टर एम. भार्गव, जिला पंचायत के सीईओ अश्वनी देवांगन, एसडीएम महेश राजपूत, संयुक्त कलेक्टर मुकेश रावटे, जनपद सीईओ किरण कुमार कौशिक, और तहसीलदार राधेश्याम वर्मा सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।












