पहला टी20: श्रीलंका को 43 रनों से हराकर भारत की शानदार शुरुआत
पल्लेकेल। भारत और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 27 जुलाई (शनिवार) को पल्लेकेल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भारत ने 43 रनों से जीत दर्ज की। श्रीलंका को जीत के लिए 214 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन उनकी पूरी टीम 19.2 ओवर में 170 रनों पर ढेर हो गई। इस जीत के साथ ही गौतम गंभीर ने बतौर हेड कोच अपने कार्यकाल की शानदार शुरुआत की। दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 मैच 28 जुलाई को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
श्रीलंका की पारी: उम्मीदें और निराशा
श्रीलंकाई टीम ने टारगेट का पीछा करते हुए एक समय 14 ओवर्स में एक विकेट पर 140 रन बना लिए थे। तब ऐसा लग रहा था कि मैच श्रीलंका के पक्ष में जा सकता है, लेकिन 15वें ओवर में अक्षर पटेल ने पथुम निसंका और कुसल परेरा को आउट करके बाजी पलट दी। इसके बाद श्रीलंकाई पारी बिखर गई और उन्होंने मात्र 30 रनों पर 9 विकेट खो दिए।
श्रीलंका की ओर से ओपनर पथुम निसंका ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। निसंका ने अपनी पारी में सात चौके और चार छक्के लगाए। वहीं, कुसल मेंडिस ने 7 चौकों और एक सिक्स की मदद से 27 गेंदों पर 45 रनों की पारी खेली। इसके अलावा कुसल परेरा (20) और कामिंदु मेंडिस (12) ही दोहरे अंकों तक पहुंच पाए। भारत की ओर से रियान पराग ने 5 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह को 2-2 विकेट मिले। मोहम्मद सिराज और रवि बिश्नोई ने भी एक-एक सफलता हासिल की।
भारतीय पारी: सूर्या का तूफान
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने टॉस हारकर सात विकेट पर 213 रन बनाए। भारत की शुरुआत शानदार रही। यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने पावरप्ले में धांसू बल्लेबाजी की और दोनों ने 6 ओवरों में 74 रनों की साझेदारी की। शुभमन गिल ने 16 गेंदों पर 34 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और एक सिक्स शामिल थे। शुभमन को दिलशान मदुशंका ने आउट किया। शुभमन के बाद यशस्वी जयसवाल का भी विकेट गिरा, जो वानिंदु हसारंगा की गेंद पर स्टम्प आउट हुए। यशस्वी ने 21 गेंदों पर 41 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे।
यशस्वी के आउट होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला। पंत और सूर्या ने तीसरे विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी की। सूर्या ने इस दौरान सिर्फ 22 गेंदों में फिफ्टी जड़ी। सूर्या ने 8 चौकों और दो सिक्स की मदद से 26 गेंदों पर 58 रन बनाए। उन्हें मथीशा पथिराना ने एलबीडब्ल्यू आउट किया।
सूर्यकुमार यादव के आउट होने के बाद भारत ने हार्दिक पंड्या (9) और रियान पराग (7) का विकेट सस्ते में गंवा दिया। ये दोनों खिलाड़ी मथीशा पथिराना का शिकार बने। ऋषभ पंत दुर्भाग्यशाली रहे कि वो अर्धशतक नहीं जड़ सके। पंत ने 6 चौकों और एक सिक्स की मदद से 33 गेंदों पर 49 रन बनाए। पंत का विकेट भी पथिराना ने लिया। आखिरी ओवर में रिंकू सिंह भी 1 रन बनाकर असिथा फर्नांडो का शिकार बने। हालांकि तब तक भारत बड़े स्कोर तक पहुंच चुका था। श्रीलंका की ओर से मथीशा पथिराना ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।
खिलाड़ियों की भूमिका: नए कप्तानों का मुकाबला
भारत की ओर से शिवम दुबे, संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर और खलील अहमद पहले टी20 मैच में नहीं खेले। टी20 सीरीज के सभी मैच पल्लेकेल में होंगे। दोनों ही टीमों की कमान इस बार नए हाथों में है। भारत की कमान सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं, जबकि श्रीलंका की टी20 टीम की कमान चरिथ असलंका संभाल रहे हैं। वहीं, इस सीरीज से भारत के लिए गौतम गंभीर के कोचिंग युग का आगाज हो रहा है।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन:
पथुम निसंका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, कामिंदु मेंडिस, चरिथ असलांका (कप्तान), वानिंदु हसारंगा, दासुन शनाका, महीश तीक्ष्णा, मथीशा पथिराना, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका।
भारत की प्लेइंग इलेवन:
शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ऋषभ पंत, रियान पराग, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज।
टी20 इतिहास: जब पहली बार भिड़े लंका-भारत
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मैच 10 फरवरी 2009 को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया था। भारत ने इस मुकाबले को 3 विकेट से अपने नाम किया था। श्रीलंका ने पहले खेलते हुए 171/4 का स्कोर खड़ा किया, जवाब में भारत ने इस टारगेट को 4 गेंदें शेष रहते 174/7 का स्कोर बनाकर अपने नाम किया था।
इस मैच में जीत के हीरो पठान ब्रदर्स थे। यूसुफ पठान ने 10 गेंदों पर 22 रन और इरफान पठान ने 16 गेंदों पर 33 रन जड़े थे। प्लेयर ऑफ द मैच यूसुफ ने मैच में 2 विकेट भी लिए थे, वहीं इरफान ने 1 विकेट भी झटका था।
भारत और श्रीलंका के बीच हेड टू हेड: कुल मैच
- मैच: 30, भारत जीता: 20, श्रीलंका: 9, बेनतीजा: 1
वेन्यू श्रीलंका: हेड टू हेड
- कुल मैच: 9, भारत जीता: 6, श्रीलंका: 3
वेन्यू भारत: हेड टू हेड
- कुल मैच: 17, भारत जीता: 13, श्रीलंका: 3, बेनतीजा: 1
भारत-श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल:
- 27 जुलाई- पहला टी20, पल्लेकेल
- 28 जुलाई- दूसरा टी20, पल्लेकेल
- 30 जुलाई- तीसरा टी20, पल्लेकेल
- 2 अगस्त- पहला वनडे, कोलंबो
- 4 अगस्त- दूसरा वनडे, कोलंबो
- 7 अगस्त- तीसरा वनडे, कोलंबो









