- ग्रामवासियों ने ली स्वच्छता शपथ, किया श्रमदान
अंबिकापुर (पंकज शुक्ला)।
“स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम 2024” के अंतर्गत सीतापुर के ग्राम पंचायत कोटछाल में शुक्रवार को एक व्यापक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर विलास भोसकर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला और खंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वच्छता दीदियों, और ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया।
जनपद पंचायत के सीईओ महेंद्र खाण्डेकर ने इस अवसर पर उपस्थित ग्रामवासियों से अपील की कि वे अपने घर के साथ-साथ पूरे गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने ग्रामवासियों को स्वच्छता शपथ भी दिलाई, जिसमें प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, गंदगी न फैलाने और हर साल 100 घंटे यानी हर सप्ताह 2 घंटे स्वच्छता श्रमदान करने का संकल्प लिया गया।










