



दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
सरयू ऊपरी ब्राह्मण समाज एवं ब्राह्मण महासंघ द्वारा आयोजित अलंकरण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज ने सर्वोदय उत्सव मनाते हुए अपने समाज के विशिष्ट लोगों को सम्मानित किया। रायगढ़ की मेघा पांडे, जो एम.काम में गोल्ड मेडलिस्ट हैं और राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत हैं, को सम्मानित किया गया। द्विज कुल रत्न से राहुल शर्मा, युवा पहल के संस्थापक, एवं मेजर जनरल सुधीर शर्मा को सम्मानित किया गया।
समारोह में द्विजकुल भूषण सम्मान पद्मश्री अनुज शर्मा, धरसींवा से, ललित कुमार दुबे, रायगढ़ से, जिन्हें गिनीज बुक, लिम्का और अन्य कई राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं, एवं राकेश तिवारी, जेवरा से, को प्रदान किया गया। द्विज कुल गौरव सम्मान से पीयूष कांत पांडे, ज्योति, और निशा को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जस्टिस टीपी शर्मा (पूर्व मुख्य लोकायुक्त, छत्तीसगढ़ शासन) ने अपने उद्बोधन में समाज को समर्पित रहने की बात कही और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हुए खुद अपना रास्ता बनाने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि दुर्ग शहर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा जितनी उन्नत होगी, व्यक्ति और समाज उतना ही सशक्त बनेगा। सांसद विजय बघेल ने अपने भाषण में कहा कि परिष्कृत समाज निरंतर प्रगति करता है और व्यक्ति का व्यक्तित्व कार्य से बनता है।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे सांसद संतोष पांडे ने कहा कि ब्राह्मण केवल अपने हित के लिए नहीं बल्कि सभी धर्म और जाति के हित में सोचता है। उनका धेय “सर्वे भवंतु सुखिनः” है। सामाजिक परिचर्चा में आईएएस शिव कुमार शर्मा ने सामाजिक कुरीतियों और फिजूलखर्ची जैसे प्री वेडिंग आदि को समाप्त करने और यज्ञोपवीत में तत्परता से सहयोग देने की बात कही। आईएएस बीएल तिवारी ने भी शुभकामनाएं देते हुए समाज के सहयोग में योगदान करने की बात कही।
धरसींवा के विधायक एवं छत्तीसगढ़ के फिल्म हीरो अनुज शर्मा ने महिला प्रकोष्ठ के आग्रह पर अपने प्रसिद्ध जस गीत और माता के भजन प्रस्तुत किए। दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुणमोरा, दुर्ग शहर महापौर धीरज बाकलीवाल, एवं पूर्व योग आयोग अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने भी समाज को संबोधित किया और दुर्ग ब्राह्मण समाज की सराहना की।
समाज की अध्यक्षता कर रहे कमल नारायण शर्मा ने सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि अध्यक्ष सुमन पांडे ने स्वागत भाषण में शास्त्र और शस्त्र दोनों में निपुण ब्राह्मण समाज का आभार व्यक्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपर्णा चौबे, संध्या तिवारी, शैली किरण शुक्ला, गरिमा शर्मा, तूलिका तिवारी, गीतांजलि तिवारी, आरती शुक्ला, सुमन शर्मा, और वंदना शर्मा ने अपनी प्रस्तुति दी।
अतिथियों का स्वागत राउत नाचा के साथ किया गया। सचिव प्रदीप पांडे ने अध्यक्ष कमल नारायण शर्मा और सुमन पांडे के कार्यकाल की उपलब्धियों की प्रस्तुति दी। पूर्व विधि अधिकारी प्रमोद शर्मा ने अपने गीत ‘सुख के सब साथी दुख में ना कोई’ के साथ समारोह को महकाया। बिलासपुर महासंघ द्वारा प्रकाशित सरयू द्विज पत्रिका का विमोचन सभी अतिथियों के कर कमलों द्वारा किया गया। समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों को संरक्षक राम विशाल शर्मा, अध्यक्ष कमल नारायण शर्मा, और सुमन पांडे द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी और सदस्यों सहित लगभग 500 लोग उपस्थित थे।





