- 26 गेंदों में 78 रन ठोक वैभव ने RCB को किया पस्त
- बुमराह और भुवी भी खा चुके हैं खौफ
नई दिल्ली (ओमदर्पण खेल डेस्क)।
आईपीएल 2026 में 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आग उगल रहा है। डिफेंडिंग चैंपियन बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान के इस युवा बल्लेबाज ने महज 26 गेंदों पर 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 78 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल दी। वैभव की इस तूफानी पारी ने 8 ओवर के अंदर ही मैच का नतीजा तय कर दिया। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान ने 12 गेंद शेष रहते ही 6 विकेट से जीत दर्ज की। ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए वैभव अब दुनिया भर के क्रिकेट विशेषज्ञों की चर्चा के केंद्र में हैं।
आउट होने पर जताया अफसोस
पारी के 9वें ओवर में क्रुणाल पांड्या की गेंद पर विराट कोहली ने वैभव का कैच लपका। आउट होने के बाद वह मैदान से बाहर आते समय काफी निराश दिखे। मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर पूर्व क्रिकेटर मुरली कार्तिक से बात करते हुए वैभव ने कहा, “अपने आउट होने के तरीके से मुझे अफसोस होता है। अगर मैं कोई खराब शॉट खेलकर आउट होता हूं, तो लगता है कि थोड़ी देर और विकेट पर टिकता तो टीम के लिए 10-20 रन और जुड़ जाते। लूज शॉट खेलकर आउट होने पर लगता है कि टीम के लिए कुछ माइनस हो गया।”
बुमराह से लेकर हेजलवुड तक, किसी का खौफ नहीं
अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर मुंबई इंडियंस के दिग्गज जसप्रीत बुमराह को छक्का जड़ने वाले वैभव ने बेंगलुरु के खिलाफ भी यही आक्रामकता दिखाई। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार की पहली ही गेंद पर शानदार स्ट्रेट ड्राइव लगाकर बाउंड्री बटोरी। वहीं, दिग्गज तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के एक ही ओवर में लगातार तीन चौके और एक छक्का जड़कर उनके होश उड़ा दिए।
मात्र 15 साल के वैभव का कहना है कि बुमराह, भुवनेश्वर या हेजलवुड जैसे बड़े गेंदबाज जब सामने होते हैं, तो दिमाग में उनका कद जरूर होता है। लेकिन उनकी अपनी एक फिलॉसफी है– वह गेंदबाज को नहीं, बल्कि गेंद को खेलते हैं। जैसी गेंद होती है, बल्ले से वैसा ही जवाब देने की कोशिश करते हैं।
इरफान बोले- बॉलर डर रहे हैं, हरभजन ने भी की तारीफ
@IrfanPathan and @harbhajan_singh reveal an interesting theory as they break down what makes this young batter so special.
What do you think about this mindset?#TATAIPL 2026 | #RRvRCB | LIVE NOW 👉https://t.co/b7gS3cp7ce pic.twitter.com/o3VYA907sO
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 10, 2026
वैभव की इस बेखौफ बल्लेबाजी पर स्टार स्पोर्ट्स के कमेंटेटर और पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने कहा, “बॉलर इस लड़के को बॉलिंग करने से घबरा रहे हैं, वो सच में डर रहे हैं। मेरी थ्योरी है कि यह जानबूझकर बड़े गेंदबाजों को टारगेट करता है, ताकि विपक्षी टीम की गेंदबाजी के हौसले पस्त हो जाएं।” वहीं, हरभजन सिंह ने कहा, “बड़े बॉलरों को भी तो कहा गया है कि इसे टारगेट करें।”
मोहम्मद कैफ और सबा करीम जैसे दिग्गजों ने उनकी 15 गेंदों वाली हाफ सेंचुरी की जमकर तारीफ की। सेंचुरी से चूकने पर वैभव ने कहा, “मैं बस यही कोशिश करता हूं कि जो प्रैक्टिस में कर रहा हूं, वही मैच में भी करूं।” वैभव ने बताया कि उनके पिता, कोच और टीम मैनेजर रोमी भिंडर उन्हें हमेशा जमीन पर रहने और अपने गेम पर फोकस करने की सलाह देते हैं।
IPL में 230 का स्ट्राइक रेट
वैभव के आंकड़े किसी भी दिग्गज बल्लेबाज को हैरान करने के लिए काफी हैं। बेंगलुरु के खिलाफ 7 छक्के लगाकर उन्होंने इस सीजन के 4 मैचों में अपने नाम 18 छक्के कर लिए हैं। आईपीएल के 11 मैचों में उनके नाम 36 चौके और 42 छक्के दर्ज हैं। उन्होंने 230 की खौफनाक स्ट्राइक रेट से 452 रन बनाए हैं।
IPL 2026 में सबसे ज्यादा छक्के (Top 5)
| बल्लेबाज | टीम | छक्के |
| वैभव सूर्यवंशी | राजस्थान | 18 |
| समीर रिजवी | दिल्ली | 11 |
| टिम डेविड | बेंगलुरु | 9 |
| राएन निकलटन | मुंबई | 8 |
| मुकुल चौधरी | लखनऊ | 7 |







