भीषण गर्मी की आहट के बीच रिसाली में जल संकट गहराया, आम आदमी पार्टी ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन; 12 वार्डों के लोग परेशान
रिसाली (रोहितास सिंह भुवाल)।
मौसम विभाग द्वारा इस वर्ष भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताए जाने के साथ ही रिसाली नगर निगम क्षेत्र में जल संकट गहराने लगा है। क्षेत्र की गंभीर पेयजल समस्या और नगर निगम की निष्क्रियता को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रिसाली नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की।
12 वार्डों में पानी के लिए मची है त्राहि-त्राहि
आम आदमी पार्टी ने बताया कि वार्ड नंबर 13, 14, 15, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 32, 33 एवं 34 के कई मोहल्लों में पानी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा ने तकनीकी खामियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नल कनेक्शन की पाइपलाइन ऊपर होने के कारण पानी घरों तक नहीं पहुंच पा रहा है। मजबूरी में लोग पंप का सहारा ले रहे हैं, जिससे अन्य घरों में जल आपूर्ति बाधित हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि नहरों में सिंचाई का पानी बंद होते ही भू-जल स्तर नीचे गिर जाता है, जिससे हैंडपंप सूख जाते हैं। श्री विश्वकर्मा ने टैंकर सप्लाई के समय पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोपहर के बजाय पानी की सप्लाई सुबह 8 बजे से पहले या शाम 5 बजे के बाद की जानी चाहिए, ताकि कामकाजी लोग इसका लाभ उठा सकें।
तालाबों की गंदगी और महिलाओं की मजबूरी
दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी बघेल ने कहा कि पानी के लिए महिलाओं को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है, जो नगर निगम के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम ने अब तक तालाबों की सफाई नहीं कराई है। गंदे तालाबों में नहर का पानी भरने से लोग उसी दूषित जल का उपयोग करने को मजबूर हैं, जिससे क्षेत्र में गंभीर बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
निगम की अनदेखी पर आक्रोश
दुर्ग लोकसभा उपाध्यक्ष श्री शिवा रायडू ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पानी की समस्या को लेकर नगर निगम रिसाली को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तत्काल जल संकट दूर करने के उपाय नहीं किए गए, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
समाधान हेतु प्रमुख सुझाव:
-
रिसाली क्षेत्र में पानी के टैंकरों की संख्या तुरंत बढ़ाई जाए।
-
बंद पड़े सभी वाटर एटीएम चालू किए जाएं।
-
स्टेशन मरोदा, नेवई, मरोदा टैंक जैसे क्षेत्रों में नए वाटर एटीएम लगाए जाएं।
-
नल-जल योजना के तहत पानी की सप्लाई का समय 1 घंटे से बढ़ाकर अधिक किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा, दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल, दुर्ग लोकसभा उपाध्यक्ष शिवा रायडू, पूनम निर्मलकर, कविता साहू, रिमन पटेल, सुषमा गायकवाड, ज्योति निर्मलकर, उषा निर्मलकर, नंदिनी, भुवनेश्वरी साहू, प्रेम ना, रीता चौधरी, लीलावती देवी, लालती, सरोज चंदेल, खुशी, तुलसी, नंदिता, गायत्री, पार्वती, कुमारी रमशिला तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।










