टी20 विश्व कप से पहले तिलक वर्मा ने शुरू की तैयारी, सर्जरी के बाद नेट्स पर बहाया पसीना
बंगलूरू:
टी20 विश्व कप से पहले भारतीय क्रिकेट टीम और फैंस के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। पेट की सर्जरी के कारण मैदान से दूर चल रहे स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने फिटनेस हासिल करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। तिलक ने बंगलूरू स्थित बीसीसीआई (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में नेट्स पर वापसी कर ली है और मैच सिमुलेशन में भी हिस्सा लिया।
सात फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप में तिलक की भूमिका तीसरे नंबर पर बेहद अहम मानी जा रही है। उनकी गैरमौजूदगी में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में ईशान किशन ने इस स्थान पर जिम्मेदारी संभाली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तिलक को जल्द ही फिटनेस सर्टिफिकेट मिल सकता है और वे 3 फरवरी तक भारतीय टीम से जुड़ सकते हैं।
गौरतलब है कि तिलक ने अपना आखिरी मैच 19 दिसंबर 2025 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने 73 रनों की पारी खेली थी। अब उनकी वापसी से टीम प्रबंधन के सामने तिलक और ईशान के संयोजन को फिट बैठाने की चुनौती होगी।









