हैदराबाद/ प्रकाशम।
आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 57 वर्षीय के. लक्ष्मी देवी ने अपने 35 वर्षीय बेटे के. श्याम प्रसाद की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, श्याम प्रसाद का व्यवहार बेहद आपत्तिजनक था और वह अपनी मां सहित रिश्तेदारों के साथ अश्लील हरकतें करता था।
बेटे की हरकतों से परेशान थी मां
पुलिस अधीक्षक (SP ए. आर. दामोदर) ने बताया कि श्याम प्रसाद अविवाहित था और पेशे से एक क्लीनर था। उसका व्यवहार विकृत था, जिससे उसकी मां और रिश्तेदार परेशान थे। पुलिस का कहना है कि उसने बेंगलुरु, खम्मम और हैदराबाद में अपनी मौसियों के साथ भी अश्लील हरकतें की थीं। यहां तक कि हैदराबाद और नरसरावपेटा में उसने अपनी मौसियों से दुष्कर्म की कोशिश भी की थी।
हत्या की साजिश और क्रूर अंजाम
पुलिस के मुताबिक, मां ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर 13 फरवरी को हत्या की योजना बनाई। तेज धारदार हथियार से उसकी हत्या करने के बाद शव को पांच टुकड़ों में काटकर तीन बोरियों में भर दिया गया और प्रकाशम जिले के कुंबम गांव स्थित नकलागंडी नहर में फेंक दिया गया।
हत्या के बाद आरोपी फरार
हत्या के बाद लक्ष्मी देवी और अन्य रिश्तेदार फरार हो गए हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 238 (अवैध रूप से शव ठिकाने लगाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या में कितने लोग शामिल थे और क्या यह साजिश पहले से रची गई थी।
इलाके में सनसनी, पुलिस जांच जारी
यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बन गई है। लोग इस बात से हैरान हैं कि एक मां को अपने ही बेटे की हत्या करने पर मजबूर होना पड़ा। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।










