



पोस्टर फाड़ने के विवाद में मारपीट, कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ कॉलेज में रविवार को ABVP और NSUI के कार्यकर्ताओं के बीच पोस्टर फाड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दोनों छात्र संगठनों के सदस्य आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए।
मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए छात्रों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है।


छात्र संगठनों के बीच हुई इस हिंसक झड़प से कॉलेज प्रशासन और स्थानीय लोग चिंतित हैं। प्रशासन ने शांति बनाए रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही जिम्मेदारों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






