- जुड़वा बच्चों ने पाया सुपोषण, नौ महीनों में वजन बढ़कर सामान्य श्रेणी में पहुँचे
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)
दुर्ग के ग्राम रिसामा में जुड़वा बच्चे प्रिंस और पार्थ ने कुपोषण को हरा कर मिसाल कायम की है। माता राजेश्वरी और पिता रविशंकर को जब नए सदस्यों के आगमन की खबर मिली, तो खुशी का माहौल बन गया। लेकिन जब 9 दिसंबर 2023 को बच्चों का जन्म हुआ, तब प्रिंस का वजन महज़ 1.6 किलोग्राम और पार्थ का 2 किलोग्राम था, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।
परियोजना दुर्ग ग्रामीण सेक्टर उतई के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लीला ठाकुर ने पूरे परिवार को सहयोग दिया। बच्चों को शुरुआती 10 दिन हॉस्पिटल में विशेष देखरेख में रखा गया। परीक्षण की इस घड़ी में परिवार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, एएनएम, और सेक्टर पर्यवेक्षक प्रमिला वर्मा के सहयोग से कंगारू मदर केयर का पालन किया। माता राजेश्वरी को बच्चों को गर्म और साफ-सुथरा रखने की सलाह दी गई और उन्हें छह माह तक केवल स्तनपान कराने को कहा गया। इसके बाद, कार्यकर्ता की देखरेख में बच्चों के ऊपरी आहार की शुरुआत की गई।
आज, नौ महीने बाद, पोषण माह के वजन मापने के कार्यक्रम में पार्थ का वजन 8.51 किलो और प्रिंस का वजन 7.91 किलो पाया गया। बच्चों के सामान्य श्रेणी में आने पर परिवार और अविभावक अति प्रसन्न हैं।









