-
बासमती कंपनी बाजार में भरेगी उड़ान
मुंबई।
बासमती चावल और एफएमसीजी (FMCG) सेक्टर में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी कंपनी ‘अमीरचंद जगदीश कुमार (एक्सपोर्ट्स) लिमिटेड’ अब पूंजी बाजार में नई उड़ान भरने की तैयारी में है। कंपनी अपना 4,400 मिलियन (करीब 440 करोड़ रुपये) का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) 24 मार्च 2026 को लेकर आ रही है।
201-212 रुपए तय हुआ प्राइस बैंड
शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए यह आईपीओ 24 मार्च से 27 मार्च 2026 तक खुला रहेगा। वहीं, एंकर निवेशकों के लिए बोली की तारीख 23 मार्च निर्धारित की गई है। इस पूरी तरह फ्रेश इश्यू के लिए कंपनी ने 201 रुपये से 212 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। खुदरा निवेशक इसमें न्यूनतम 70 शेयरों के लॉट के लिए आवेदन कर सकेंगे।
वर्किंग कैपिटल और विस्तार पर होगा फंड का उपयोग
कंपनी प्रबंधन के अनुसार, आईपीओ के जरिए जुटाई गई धनराशि का मुख्य उद्देश्य कंपनी की वर्किंग कैपिटल (कार्यशील पूंजी) की जरूरतों को पूरा करना और कॉर्पोरेट विस्तार को गति देना है। इस कंपनी की सबसे बड़ी खासियत इसकी पूरी तरह ‘इंटीग्रेटेड वैल्यू चेन’ है, जो कच्चे माल की खरीद से लेकर प्रोसेसिंग और बाजार में मार्केटिंग तक फैली हुई है।
‘एरोप्लेन’ ब्रांड की बाजार में मजबूत पकड़
अमीरचंद जगदीश कुमार (एक्सपोर्ट्स) लिमिटेड अपने लोकप्रिय “एरोप्लेन” ब्रांड के तहत बासमती चावल के अलावा आटा, मैदा, सूजी, बेसन, नमक और चीनी जैसे रोजमर्रा के उत्पादों की भी बिक्री करती है। वर्तमान में कंपनी के पास करीब 100 ट्रेडमार्क हैं और वैश्विक बाजार में इसकी मजबूत उपस्थिति है। अब कंपनी आईपीओ के जरिए अपने कारोबार और विस्तार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की रणनीति पर काम कर रही है।









