भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
भारत सरकार के राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने पथ विक्रेताओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। नगर निगम भिलाई के अंतर्गत अब तक 19150 पथ विक्रेता इस योजना का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को मजबूती दे चुके हैं। योजना के तहत 10 हजार, 20 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण दिया जा रहा है, जिससे छोटे व्यवसायी अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर रहे हैं।

स्व-रोजगार से सुधर रहा जीवन स्तर
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जुड़े पथ विक्रेताओं ने न केवल अपने व्यवसाय को बढ़ाया है, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार किया है। योजना के तहत पथ विक्रेता ऋण लेकर फल, सब्जी, फरच्युन, चना-मुर्रा, रेबड़ी, गुपचुप, चाट, बेकरी, आइसक्रीम, कपड़ा और बर्तन जैसे छोटे-मोटे व्यवसाय कर रहे हैं।
भिलाई नगर निगम के शहरी आजीविका मिशन विभाग ने इस योजना के प्रति लोगों को जागरूक किया है। विभाग का कहना है कि जो पथ विक्रेता 10 हजार रुपये का ऋण ले चुके हैं, वे सामाजिक और आर्थिक प्रोफाइलिंग कराकर अन्य सरकारी योजनाओं का भी लाभ ले सकते हैं।
योजना से भी मिल रहा लाभ
अब तक पीएम सुरक्षा बीमा योजना से 9601, पीएम जीवन ज्योति योजना से 7334, पीएम जनधन योजना से 3656, पीएम श्रमयोगी मानधन योजना से 4443, संगठित/असंगठित पंजीयन से 35, एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना से 119, जननी सुरक्षा योजना से 6 और पीएम मातृ वंदना योजना से कई लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
विधायक रिकेश सेन व महापौर नीरज पाल ने की अपील
वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन और महापौर नीरज पाल ने सभी पथ विक्रेताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाएं। दोनों ने कहा कि यह योजना पथ विक्रेताओं के आर्थिक कल्याण के लिए बनाई गई है। इसे अपनाकर वे न केवल अपने व्यापार को मजबूती देंगे, बल्कि अपने परिवार का जीवन स्तर भी सुधार सकेंगे।










