भिलाई (रवि कुमार भास्कर)।
मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर भिलाई नगर निगम के प्रधानमंत्री आवास योजना (एएचपी) के अंतर्गत 312 हितग्राहियों को गृह प्रवेश का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम पहली बार सूर्य विहार के पीछे खमरिया में आयोजित होगा, जहां 493 एएचपी यूनिट्स का निर्माण किया गया है।
सुबह 11:00 बजे कार्यक्रम स्थल पर निर्माणाधीन आवासों की चाबियां उन हितग्राहियों को सौंपी जाएंगी, जिन्होंने किस्त की राशि या तो पूरी जमा कर दी है या 80 प्रतिशत से अधिक राशि जमा कर दी है।

मकान की किस्त भरकर मिल सकेगा घर
ऐसे हितग्राही जो वर्तमान में किराए के मकान में रह रहे हैं, वे अपनी किराए की राशि को बैंक किस्त के रूप में जमा कराकर अपने मकान का कब्जा ले सकते हैं। आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और अधीक्षण अभियंता दीपक जोशी ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मकानों के निर्माण कार्य को सराहा और बताया कि यह मकान बहुत ही आकर्षक स्थान पर बनाए गए हैं।
कम लागत में गुणवत्तापूर्ण आवास
खमरिया क्षेत्र में निर्मित इन मकानों की लागत लगभग ₹4,79,000 प्रति यूनिट है। इनमें से प्रत्येक मकान पर सरकार की ओर से ₹1.50 लाख का अनुदान दिया जा रहा है। बाकी की राशि हितग्राही को किस्तों के माध्यम से जमा करनी होगी।
आयुक्त ने बताया कि यही मकान किसी प्राइवेट कॉलोनी में खरीदने पर ₹6 लाख से अधिक का खर्च आएगा, लेकिन यहां कम राशि में यह सुविधा हितग्राहियों को प्रदान की जा रही है।
आवास के पास होंगी सभी सुविधाएं
इस आवासीय क्षेत्र में रह रहे नागरिकों को विभिन्न आवश्यक सुविधाएं पास में ही मिलेंगी।
- 2 किमी की दूरी पर शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल और सूर्या मॉल स्थित है।
- बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल,
- मुख्य मार्ग और
- 5 किमी पर रेलवे स्टेशन भी नजदीक है।
- साथ ही 2 किमी में थाना और बगल में तालाब भी है।
सांसद और विधायक होंगे मुख्य अतिथि
गृह प्रवेश कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विजय बघेल, सांसद दुर्ग लोकसभा, उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रिचेसर सेन, विधायक वैशाली नगर करेंगे।
इस अवसर पर महापौर नीरज पाल, सभापति, नेता प्रतिपक्ष, एमआईसी सदस्य, पार्षद गण और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।










