-
गुढ़ियारी के महतारी चौक पर आधी रात हुड़दंग
-
मारुति कार जब्त, आरोपियों को कोर्ट में किया गया पेश
रायपुर.
राजधानी में बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया है। गुढ़ियारी इलाके में 10 दिसंबर की रात सार्वजनिक मार्ग को बाधित कर जश्न मना रहे पांच युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हुड़दंग में इस्तेमाल की गई मारुति कार को भी जब्त कर लिया गया है।
आधी रात आतिशबाजी, थम गया था ट्रैफिक
घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के महतारी चौक की है। 10 दिसंबर 2025 की रात करीब 12 बजे कुछ युवक अपनी मारुति कार (CG04 PV 8880) बीच सड़क पर खड़ी कर जोर-शोर से आतिशबाजी कर रहे थे और केक काट रहे थे। इस ‘रोड शो’ के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया, जिससे देर रात गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एसएसपी के निर्देश पर तत्काल एक्शन
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। गुढ़ियारी थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 3(5) और मोटर व्हीकल एक्ट (M.V. Act) की धारा 122/177 के तहत अपराध दर्ज किया है। साथ ही BNS की धारा 170 के तहत कार को जब्त कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
ये हुए गिरफ्तार
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया, उनके नाम हैं:
-
राकेश उर्फ मोनु डोगरे (30), निवासी अम्बेडकर चौक के आगे, गुढ़ियारी।
-
संजय यादव (23), निवासी मुर्रा भट्ठी, गुढ़ियारी।
-
करण सिंह उर्फ बन्टी मेरावी (20), निवासी मुर्रा भट्ठी, गुढ़ियारी।
-
प्रमोद टंडन (25), निवासी बड़ा अशोक नगर, गुढ़ियारी।
-
सौरभ सिंह उर्फ गोलू (25), निवासी सीतानगर, गोगांव।
स्टंटबाजी और हुड़दंग बर्दाश्त नहीं: एसएसपी
एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाना या स्टंट करना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि दूसरों की जान के लिए खतरा भी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि शहर में इस तरह की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









