प्रेम प्रसंग के चलते की पत्रकार की हत्या
पत्नी ही निकली हत्यारी
01 अरोपी फरार
मनेंद्रगढ़।
मनेंद्रगढ़ के स्थानीय पत्रकार रईस अहमद की हत्या का मुख्य आरोपी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के ब्यौहारी से गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी आरजू खान ने बताया कि, रईस अहमद की हत्या की प्लानिंग सफीना ने की थी। दोनों के बीच शादी के पहले प्रेम संबंध था। आरोपी ने अपने फूफेरा भाई के साथ बाइक से मनेंद्रगढ़ पहुंच पत्रकार रईस अहमद की हत्या कर फरार हो गया था।
दरअसल, चनवारीडांड में गुरुवार सुबह पत्रकार रईस अहमद की खून से लथपथ लाश मिली थी। घटना स्थल से कुछ दूरी पर रईस खान का घर था। रईस अहमद (उम्र 32), पत्नी सफीना और बेटी के साथ किराए के मकान में रहता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सफीना के आशिक ने अपने सहयोगी फूफेरे भाई के साथ मिलकर रईस अहमद की हत्या की और शव को फेंककर भाग गये।
इस मामले में पुलिस ने रईस अहमद की पत्नी सफीना को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया था। एक टीम को सफीना के प्रेमी आरजू खान और उसके सहयोगी खुशी खान की गिरफ्तारी के लिए गढ़वा, झारखंड भेजा गया था। हत्या के बाद दोनों आरोपी अपने घर मझगांव, गढ़वा पहुंचे थे, लेकिन वहां से भी भाग गये थे। पुलिस ने आरजू खान (20) को मध्यप्रदेश के ब्यौहारी से गिरफ्तार किया। आरोपी पकड़े जाने के डर से गुजरात भागने की तैयारी में थे। वहीं आरोपी के फूफेरा भाई खुशी खान अब तक फरार है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी आरजू खान पूर्व में मनेंद्रगढ़ में सफीना के घर में किराए के मकान में रहता था। सफीना की शादी रईस अहमद के साथ वर्ष 2020 में हुई थी। उसके पहले से उसका प्रेम संबंध सफीना के साथ था। शादी के बाद भी दोनों का प्रेम संबंध था। 5 महीने पहले रायपुर से आरजू खान सफीना को भगाकर गढ़वा झारखंड ले गया था। वहां से रईस अहमद उसे पुलिस के सहयोग से बरामद कर वापस घर ले आया था। उसने एसडीएम के समक्ष सफीना का बयान दर्ज कराया। रईस पत्नी सफीना पर आरजू के खिलाफ अपहरण और रेप करने का बयान देने का दबाव बना रहा था। इसके बाद सफीना ने रईस अहमद की हत्या की प्लानिंग की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि, 15 मई की सुबह सफीना ने कहा कि रईस को अपने रास्ते से हटना पड़ेगा। उसने आरजू खान को बुलाया। रात करीब 3 बजे आरजू अपने फूफेरे भाई के साथ रईस के घर पहुंचा। सफीना ने फोन कर उसे रास्ता बताया। सफीना ही उसे कमरे तक लेकर गई, जहां रईस सो रहा था। आरोपी ने सो रहे रईस अहमद के गले में चाकू से तीन वार किया। आरजू और खुशी खान उसे खींचते हुए बाहर लेकर आए और बाहर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को फेंककर दोनों बाइक से भाग गये थे।
तीसरे आरोपी की जल्द होगी गिरफ्तारी
एमसीबी एडिशनल एसपी अशोक वाड़ेगांवकर ने बताया कि, तीसरे फरार आरोपी खुशी खान की तलाश की जा रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 201, 34 के तहत कार्रवाई की जाएगी।









