- कृषि, ग्रामीण विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य पर अधिक फोकस
- प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब 3 करोड़ नए आवास
रायपुर/जगदलपुर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज प्रस्तुत किए गए बजट पर छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के तीसरे कार्यकाल का यह पहला बजट देश के विकास को गति देने वाला है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा, “इस बजट में कृषि योजनाओं को और अधिक गति देने के लिए किए गए प्रावधान हमारे किसान भाइयों को लाभ पहुंचाएंगे।” उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बजट में बस्तर संभाग की महत्वपूर्ण मांग, दल्ली राजहरा से जगदलपुर 233 किलोमीटर रेल लाइन के लिए राशि का प्रावधान किया गया है। यह सभी के लिए बड़ी खुशी की बात है।
ग्रामीण विकास पर विशेष ध्यान
बजट में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास पर अधिक फोकस किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए अधिक बजट का प्रावधान सराहनीय है। वन मंत्री कश्यप ने कहा, “प्रधानमंत्री मुद्रा लोन की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख करने का निर्णय युवाओं को स्वरोजगार का अवसर देगा। इसी प्रकार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब 3 करोड़ नए मकानों का निर्माण गरीबों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।”
प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान योजना का लाभ
वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि जनजातीय समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस योजना के तहत आकांक्षी जिलों एवं जनजातीय बहुल ग्रामों में जनजातीय परिवारों के पूर्ण कवरेज के लिए कदम उठाए जाएंगे। इससे 63 हजार गांवों में 5 करोड़ जनजातीय लोग लाभान्वित होंगे।
इस बजट से देश के विकास की दिशा में नए आयाम खुलेंगे और सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। मंत्री कश्यप ने इस बजट को सर्वस्पर्शी और विकासोन्मुखी बताया है।









