रायपुर
रायपुर पुलिस ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इन चोरों के कब्जे से कुल 14 मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती निशा नत्थानी ने 9 जुलाई 2024 को थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी स्कूटी (क्रमांक सीजी 04 एम.बी. 2133) 4 जुलाई 2024 को किसी अज्ञात चोर द्वारा चुराई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना न्यू राजेन्द्र नगर में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति 23 जुलाई 2024 को फल मण्डी के पीछे मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। इस पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की और दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में टोपेश्वर साहू उर्फ संजू (28 वर्ष) और जितेन्द्र निषाद (34 वर्ष) शामिल हैं। इन दोनों ने बीते 5-6 महीनों में रायपुर के विभिन्न इलाकों से वाहन चोरी की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 14 मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रहेगा।









