नई दिल्ली में प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद के दौरान रक्षा मंत्री ने स्वास्थ्य और आध्यात्म पर भी दिया जोर
✍️ विशेष संवाददाता
नई दिल्ली | भारतीय रक्षा संपदा सेवा के 2025 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। राष्ट्रीय रक्षा संपदा प्रबंधन संस्थान (एनआईडीईएम) में प्रशिक्षण ले रहे इन युवा अधिकारियों के साथ संवाद के दौरान रक्षा मंत्री ने रक्षा भूमि के प्रबंधन और छावनी बोर्डों के नगरपालिका प्रशासन में रक्षा संपदा विभाग के कार्यों की प्रशंसा की।
जनहित और लोक सेवा पर रहा मुख्य फोकस
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोक सेवकों की जिम्मेदारी तय करते हुए नागरिकों की बदलती आकांक्षाओं को पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिविल सेवकों को पूरी तरह से सेवा भाव अपनाना चाहिए और जनहित को सर्वोपरि रखकर सेवाएं देनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनता से नियमित मुलाकात करने और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनने की सलाह दी, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान कर उनमें विश्वास और आश्वासन पैदा किया जा सके।
स्वास्थ्य और आध्यात्म के साथ बेहतर तालमेल की सलाह
बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री ने अधिकारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने उदीयमान अधिकारियों को फिट रहने के साथ-साथ आध्यात्मिक मार्ग अपनाने और ध्यान (मेडिटेशन) का अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में रक्षा संपदा महानिदेशक शोभा गुप्ता भी उपस्थित रहीं।









