प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने नागरिकों से 15 अगस्त पर प्रतिमा स्थल पहुंचकर नमन करने का किया आग्रह
रायपुर | रायपुर के शहीद भगत सिंह चौक पर स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के तहत बुधवार को छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। बारिश के कारण परिसर में उगी झाड़ियों और अव्यवस्थित घास को हटाकर पूरे चौक की सफाई की गई। समाज के सदस्यों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा और प्रतिमा स्थल को भी स्वच्छ कर 15 अगस्त पर दी जाने वाली श्रद्धांजलि के लिए तैयार किया।
इस श्रमदान में छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा के साथ स्वर्ण सिंह चावला, मनजीत सिंह भाटिया, कुलवंत सिंह खालसा, नरेन्द्र सिंह चावला, जागीर सिंह बावा और बलजीत सिंह चावला ने सक्रिय भागीदारी निभाई। समाज के इन सदस्यों ने मिलकर पूरे परिसर का कायाकल्प किया।
45 वर्षों से चौक की देखरेख कर रहा है सिक्ख समाज
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज पिछले 45 वर्षों से लगातार शहीद भगत सिंह चौक की देखरेख, साफ-सफाई और उनकी जयंती व बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने नागरिकों से अपील की है कि 15 अगस्त को घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ-साथ मुख्यमंत्री निवास के पास गौरव पथ स्थित इस चौक पर पहुंचकर भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करें। समाज का कहना है कि शहीदों का त्याग पूरे राष्ट्र की साझा विरासत है, जिससे नई पीढ़ी को अवगत कराना सभी की जिम्मेदारी है।









