-
₹190-201 का प्राइस बैंड तय, प्रमोटर एम. किरण कुमार जैन बेचेंगे ₹500 करोड़ की हिस्सेदारी; जानें कंपनी के विस्तार की योजना।
मुंबई | दक्षिण भारत के ज्वेलरी बाजार की दिग्गज कंपनी ललिता ज्वेलरी मार्ट लिमिटेड अब शेयर बाजार में अपना कदम रखने जा रही है। कंपनी ने अपने इनिशियल पब्लिक ऑफर (आईपीओ) की तारीखों का ऐलान कर दिया है, जो 17 अगस्त 2026 को खुलेगा और 19 अगस्त 2026 को निवेश के लिए बंद होगा। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए ₹190 से ₹201 प्रति इक्विटी शेयर का प्राइस बैंड निर्धारित किया है, जबकि प्रत्येक शेयर की फेस वैल्यू ₹5 है।
आईपीओ का आकार और निवेश की शर्तें
ललिता ज्वेलरी इस इश्यू के माध्यम से कुल ₹1,700 करोड़ जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसमें ₹1,200 करोड़ के नए शेयर जारी किए जाएंगे (फ्रेश इश्यू), जबकि प्रमोटर एम. किरण कुमार जैन ₹500 करोड़ तक के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत बेचेंगे। निवेशकों के लिए न्यूनतम लॉट साइज 74 शेयरों का तय किया गया है, जिसका अर्थ है कि निवेशक कम से कम 74 शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे और इसके बाद इसी के मल्टीपल में आवेदन करना होगा।
5 राज्यों में 61 स्टोर्स का बड़ा नेटवर्क
ललिता ब्रांड के नाम से कारोबार करने वाली यह कंपनी मुख्य रूप से दक्षिण भारतीय ग्राहकों को गोल्ड, सिल्वर और डायमंड ज्वेलरी की विस्तृत रेंज उपलब्ध कराती है। 31 मार्च 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और पुडुचेरी के 51 शहरों में कंपनी के कुल 61 स्टोर्स संचालित हैं। ये स्टोर्स 6,50,881 वर्ग फीट के विशाल क्षेत्र में फैले हुए हैं। कंपनी की ब्रांड पोजिशनिंग में इन-हाउस मैन्युफैक्चरिंग और सभी स्टोर्स पर मिलने वाली BIS-हॉलमार्क ज्वेलरी की बड़ी भूमिका है।
प्रति स्टोर रेवेन्यू में मजबूत प्रदर्शन
क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के प्रमुख ऑर्गेनाइज्ड ज्वेलरी ब्रांड्स में ललिता ज्वेलरी का प्रति स्टोर ऑपरेटिंग रेवेन्यू काफी प्रभावशाली रहा है। वित्त वर्ष 2026 में यह आंकड़ा ₹410.23 करोड़ रहा, जबकि वित्त वर्ष 2025 में ₹281.62 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 में ₹316.76 करोड़ दर्ज किया गया था। कंपनी ने विस्तार के लिए एक विशेष टेम्पलेट विकसित किया है, जो उसे पुराने बाजारों में पकड़ मजबूत करने और नए क्षेत्रों में तेजी से स्टोर खोलने में मदद करता है।









