



भारतीय जनता युवा मोर्चा ने की तिरंगा यात्रा की कार्ययोजना बैठक, युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू
जगदलपुर (कौशल संदुजा)।
स्वतंत्रता दिवस से पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर तिरंगा यात्रा के भव्य आयोजन की तैयारियों को गति दी है। भाजपा की युवा शाखा, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी संभाल ली है। तिरंगा यात्रा 11, 12, और 13 अगस्त को जिले के सभी मंडलों में आयोजित की जाएगी।


सोमवार शाम भाजपा के स्थानीय कार्यालय में जिलाध्यक्ष रूपसिंह मंडावी की अध्यक्षता में एक कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया और तिरंगा यात्रा के भव्य आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
भाजयुमो के प्रदेश मंत्री और तिरंगा यात्रा के जिला संयोजक जयराम दास ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति की भावना जागृत करना है। बस्तर जिले के 11 मंडलों में तिरंगा यात्रा के रूप में बाइक रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली को सफल बनाने के लिए युवा मोर्चा की टीम पूरी तैयारी में जुटी हुई है।
बैठक में जिला महामंत्री वेद प्रकाश पाण्डेय, युवा मोर्चा जिला प्रभारी रजनीश पाणिग्रही और कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





