-
मनेद्रगढ़ रोड निवासी व्यवसायी के पुत्र का शव कार के अंदर बरामद, फॉरेंसिक टीम ने मौके पर की जांच, पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया
पंकज शुक्ला/अंबिकापुर
अंबिकापुर के मनेद्रगढ़ रोड निवासी एक व्यवसायी के पुत्र का शव चठिरमा जंगल में उनकी ही कार के अंदर बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतक की गोली मारकर हत्या की गई है। यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक व्यवसायी का पुत्र बीते शाम 6:30 बजे से लापता था। परिजनों ने उसके फोन के बंद आने की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद मृतक का शव चठिरमा जंगल में उनकी कार में मिला। पुलिस ने मौके पर जांच करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने कहा है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत होता है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल, मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है, और शहर में इस घटना से सनसनी फैल गई है।







