-
मामले में 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
-
पुलिस की सख्त वैधानिक कार्यवाही
अंबिकापुर (पंकज शुक्ला)।
सरगुजा जिले के थाना उदयपुर क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए चंद घंटों में ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की बहन द्वारा 21 अगस्त को थाना उदयपुर में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, घटना 20 अगस्त की रात की है जब पीड़िता अपनी सहेलियों के साथ बाहर गई थी। पीड़िता ने बताया कि उसे विधि से संघर्षरत एक बालक और दो अन्य आरोपी, राकेश उर्फ छोटू और गिरजा प्रसाद, झुंझ झरना खरसुरा ले गए थे। वहाँ पर पीड़िता के साथ बारी-बारी से जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों ने उसे वहीं छोड़ दिया और फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और आरोपियों की खोजबीन शुरू की। सतत प्रयासों के बाद पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है, और उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में थाना उदयपुर की पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।










