- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा एक नक्सली पर घोषित है 1 लाख रुपये का ईनाम
सुकमा (कौशल संदुजा)
जिला सुकमा में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत, थाना जगरगुण्डा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। 4 सितंबर 2024 को डीआरजी, जिला बल, और सीआरपीएफ की संयुक्त पार्टी ने ग्राम कुंदेड़ और उरसांगल क्षेत्र में गश्त के दौरान 2 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए नक्सलियों के नाम क्रमशः बोगाम देवा और सोड़ी रामा हैं, जो जगरगुण्डा क्षेत्र के निवासी हैं।
उनके कब्जे से विभिन्न विस्फोटक सामग्री बरामद की गई, जिसमें कोर्डेक्स वायर, बम फटाका, जिलेटिन रॉड, डेटोनेटर, और बिजली के वायर शामिल हैं। पूछताछ के दौरान, बोगाम देवा ने बैयमपल्ली आरपीसी सीएनएम कमाण्डर (ईनामी 1 लाख रुपये) और सोड़ी रामा ने डोडीतुमनार आरपीसी मिलिशिया सदस्य के पदों पर कार्य करने की जानकारी दी।
दोनों के खिलाफ थाना जगरगुण्डा में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।









