-
राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव ने प्रदान किया विदेशी नेताओं के लिए सर्वोच्च ‘ओली दाराजली दोस्तलिक’ सम्मान
✍️ विशेष संवाददाता
नई दिल्ली | उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोनों देशों के बीच मित्रता को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए उज़्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान ‘‘ओली दाराजली दोस्तलिक’’ (सर्वोच्च मित्रता सम्मान) से सम्मानित किया। विदेशी नेताओं के लिए निर्धारित यह उज़्बेकिस्तान का सबसे बड़ा पुरस्कार है। इस सम्मान को स्वीकार करते हुए नरेंद्र मोदी ने इसे भारत की 1.4 बिलियन जनता को समर्पित किया और इसे दोनों देशों तथा उनकी सभ्यताओं के बीच अटूट मित्रता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि शावकत मिर्ज़ियोयेव द्वारा उनके लिए व्यक्त किए गए शब्द भारत और उज़्बेकिस्तान की सदियों पुरानी मित्रता और साझा विरासत को एक सच्ची श्रद्धांजलि हैं।
‘‘ओली दाराजली दोस्तलिक’’ सम्मान का प्रदान किया जाना भारत और उज़्बेकिस्तान के गहरे सभ्यतागत संबंधों और लगातार मजबूत होती व्यापक रणनीतिक साझेदारी को प्रदर्शित करता है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर रेखांकित किया कि यह सम्मान भारत पर उज़्बेकिस्तान के साथ वैश्विक दक्षिण साझेदार के रूप में मानवता की भलाई के लिए मिलकर काम करने की अतिरिक्त जिम्मेदारी का बोध कराता है। यह गौरवपूर्ण क्षण दोनों देशों के साझा भविष्य और परस्पर सहयोग की नई प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।







