- नींद में सोते हुए युवक पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान हुई मौत
रायपुर।
रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में 4-5 सितंबर की रात को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 19 वर्षीय चंदन साहू की उसके सौतले भाई डोमार साहू ने नशे की हालत में चाकू से हत्या कर दी।
घटना की जानकारी के अनुसार, चंदन साहू घर में नशे की हालत में आए दिन विवाद करता था, जिससे पूरा परिवार परेशान था। डोमार साहू, जो चंदन का बड़ा सौतला भाई था, इस स्थिति से तंग आ चुका था और उसे बार-बार टोकता था, जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
रात के समय, डोमार साहू ने चंदन की हत्या का प्लान बनाया। उसने गहरी नींद में सो रहे चंदन पर चाकू से हमला कर दिया। पहले चंदन के गले पर, फिर पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए। चंदन दर्द में चीखता रहा और बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया।
इस दौरान, परिवार के लोग नींद से जाग गए और चंदन को लहूलुहान हालत में बिस्तर पर पड़ा पाया। तुरंत उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी डोमार साहू को हिरासत में ले लिया। घरवालों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है। मामले की जांच जारी है।










