- स्वभाव और संस्कार स्वच्छता थीम पर आधारित पखवाड़ा
- सामुदायिक भागीदारी के साथ सफाई, स्वास्थ्य, और जागरूकता अभियान
अम्बिकापुर (पंकज शुक्ला)
केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राजधानी दिल्ली में शुक्रवार, 13 सितंबर को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 17 सितंबर से 01 अक्टूबर 2024 तक चलेगा, जिसमें इस वर्ष की थीम ‘स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ रखी गई है।
इस कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की भागीदारी रही। अम्बिकापुर से जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, सदस्य राजनाथ सिंह, अपर कलेक्टर सुनील नायक, और विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि गंगाराम सिंह, अंचल ओझा सहित जिले के अधिकारी, स्वच्छाग्राही दीदियां भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
अभियान की प्रमुख गतिविधियाँ:
अभियान की शुरुआत जिले में 14 सितंबर को विधिवत रूप से जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में की जाएगी। 15 सितंबर को वृक्षारोपण कार्यक्रम ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल के तहत आयोजित होगा, जिसमें स्वच्छता परिचर्चा भी शामिल है।
17 सितंबर से 01 अक्टूबर के बीच सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन होगा, जिसमें सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण पर ध्यान दिया जाएगा। 20 सितंबर को जीरो वेस्ट इवेंट का आयोजन किया जाएगा, जो 3R (रिड्यूस, रियूज़, रिसायकल) पद्धति पर आधारित होगा। इस दौरान जनभागीदारी सुनिश्चित करने हेतु साइकिल और बाइक रैलियों का आयोजन भी होगा।
27 सितंबर को सरकारी और निजी संस्थानों में स्वच्छता गतिविधियाँ चलेंगी, और शालाओं में निबंध, चित्रकला, पोस्टर लेखन और अन्य प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। 28 सितंबर को बच्चों और ग्रामीणों के बीच हाथ धुलाई का प्रदर्शन और प्रमुख स्थलों पर वाल पेंटिंग व सौंदर्यीकरण का कार्य होगा।
अंतिम चरण में, 29 सितंबर को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन और ग्रामीण विकास से जुड़ी महिलाओं और किशोरियों के साथ संवाद सत्र आयोजित होंगे। 02 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर विशेष ग्राम सभा में स्वच्छता पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।










