- वन मंत्री के निर्देशानुसार भानपुरी वन परिक्षेत्र में उड़नदस्ता टीम की त्वरित कार्रवाई
- बड़े पैमाने पर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
जगदलपुर (कौशल संदुजा)।
वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर बस्तर जिले के भानपुरी वन परिक्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत राज्य स्तरीय और वृत्त स्तरीय उड़नदस्ता टीमों द्वारा अतिक्रमण की शिकायतों की जांच और वन भूमि को मुक्त करने की कार्रवाई की गई।
मुख्य वन संरक्षक आर.सी. दुग्गा के मार्गदर्शन और वनमंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता के निर्देशन में इस अभियान को अंजाम दिया गया। रायपुर से आई राज्य स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने चपका पी.एफ. 1077 में तीन व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान उनके कब्जे से 8 बंडल चैनलिंक और 73 नग बांस की फेंसिंग सामग्री जप्त की गई।
ग्राम सोनारपाल के विकास देवांगन द्वारा 0.226 हेक्टेयर में उगाई गई मिर्ची की खड़ी फसल को जब्त कर उनके खिलाफ वन अपराध दर्ज किया गया। इसके अलावा, ग्राम छेडीपारा सोनारपाल से राजू द्वारा 0.450 हेक्टेयर में धान की खड़ी फसल और ग्राम चपका से तुलसी की 0.050 हेक्टेयर धान की फसल जब्त की गई। इन सभी के खिलाफ वन अपराध के तहत कार्रवाई की गई है।
वृत्त स्तरीय उड़नदस्ता टीम जगदलपुर ने ग्राम मुरकुची में 20 अतिक्रामकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9.791 हेक्टेयर जमीन में लगी मक्का और उड़द की खड़ी फसल को जप्त किया। साथ ही, 10 बंडल फेंसिंग तार और 300 नग फेंसिंग खुंटा भी जब्त किया गया।
इस कार्रवाई में डमरू की 0.733 हेक्टेयर मक्का की फसल, फूलसिंग की 2.211 हेक्टेयर में बारवेड वायर और मक्का-उड़द की फसल, सुरेश की 2.753 हेक्टेयर मक्का की फसल और फेंसिंग सामग्री, केलूराम और अन्य पांच व्यक्तियों की 2.622 हेक्टेयर मक्का की फसल और मिश्रित जलाऊ लकड़ी, रूपनाथ और अन्य तीन व्यक्तियों की 0.572 हेक्टेयर मक्का और उड़द की फसल भी जब्त की गई।






