- कुतुल एरिया कमेटी के मिलिशिया डिप्टी कमाण्डर ने किया आत्मसमर्पण
नारायणपुर (कौशल संदुजा)।
कुतुल एरिया कमेटी के अंतर्गत आलबेड़ा मिलिशिया सेक्शन के डिप्टी कमाण्डर के पद पर वर्ष 2021 से कार्यरत नक्सली बुधराम उर्फ बुधु पोयाम, निवासी ग्राम कंदाड़ी, थाना कोहकामेटा ने शुक्रवार को नारायणपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया। एसपी प्रभात कुमार, अति. पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुडिय़ा, उप पुलिस अधीक्षक लौकेश बंसल, और डॉ. प्रशांत देवांगन के समक्ष बुधराम ने हथियार डाल दिए। आत्मसमर्पित नक्सली को छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया।
नारायणपुर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में क्षेत्र में चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान में अब तक 34 प्रमुख एवं मध्यम कैडर के नक्सलियों को सुरक्षा बलों द्वारा मुठभेड़ में मारा गया है। इस प्रभावी कार्यवाही के चलते नक्सलियों में भय व्याप्त है और वे बड़ी संख्या में संगठन छोड़कर भाग रहे हैं। इसी वर्ष में अब तक कुल 13 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। बुधराम का आत्मसमर्पण भी इसी श्रृंखला का हिस्सा है।
बुधराम ने नक्सलियों के बहकावे में आकर संगठन जॉइन किया था। लेकिन, क्षेत्र में पुलिस कैम्प खुलने और लगातार नक्सल विरोधी अभियानों के चलते ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है और कई नक्सली संगठन छोड़कर समाज की मुख्य धारा से जुड़ने की ओर अग्रसर हो रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आने वाले समय में और भी नक्सलियों के आत्मसमर्पण की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई है।
एसपी प्रभात कुमार ने ग्राम स्तर, पंचायत स्तर और एरिया स्तर के सभी नक्सली कैडरों से अपील की है कि वे भयमुक्त होकर नक्सलियों के खोखले विचारधारा और हथियार त्याग कर आत्मसमर्पण करें। उन्होंने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास योजना का लाभ उठाने और समाज की मुख्य धारा में जुड़कर नया जीवन शुरू करने की सलाह दी है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को शासन की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।









