रायपुर (सत्यानंद सोई)।
स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 के तहत चलाए जा रहे पखवाड़े में आज माना बस्ती स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू और पंचायत एवं ग्रामीण विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक ने नागरिकों और विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सामूहिक श्रमदान भी किया गया और “एक पेड़ मां के नाम” के तहत पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा कबाड़ से बनाए गए मॉडल की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
विधायक मोतीलाल साहू ने कहा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश को स्वच्छ बनाने का सपना देखा था। इसे पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता अभियान शुरू किया। आम जनता से अपील की गई कि वे अपने आस-पास सफाई रखें, जिसका सकारात्मक असर दिख रहा है। प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर घर शौचालय बनाने की सहायता राशि दी, जिससे महिलाओं का मान बढ़ा है। मैं सभी वर्गों से अपील करता हूं कि वे इस मुहिम में योगदान दें और वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने में भागीदारी निभाएं।”
प्रमुख सचिव निहारिका बारिक ने कहा, “हमारी परंपरा में स्वच्छता रची-बसी है। जब हम बाहर से घर में प्रवेश करते हैं, तो पैर धोने की परंपरा है। इस बार के अभियान का थीम ‘स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता’ है। हमें अपने जीवन के प्रत्येक क्षण में स्वच्छता को अपनाना चाहिए।”
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत की है, जो 02 अक्टूबर तक चलेगा। हमें इस अभियान को घर-घर पहुंचाना है। नागरिकों को इस अभियान का हिस्सा बनकर दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए। हम एक पेड़ मां के नाम लगाएं और उसका संरक्षण भी करें।”









