अंबिकापुर (पंकज शुक्ला)।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत निर्मित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शेड का उद्घाटन 3 अक्टूबर को पूरे देश में किया गया। इस उद्घाटन में लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कोरजा के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शेड का भी समावेश था। यह निर्माण कार्य 2020 में 12 लाख रुपये की लागत से शुरू हुआ और 2022 में पूरा हुआ।
हालांकि, निर्माण कार्य के कुछ ही दिनों बाद, एक हवा तूफान के कारण शेड का टीन का छत टूट गया। आज तक इस स्थान पर सुधार कार्य नहीं किया गया है। इसके अतिरिक्त, यहां एक बोर भी खनन किया गया था, लेकिन आज तक पानी निकालने के लिए कोई पंप नहीं लगाया गया है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस निर्माण कार्य की पूर्णता के बाद सभी भुगतान निर्माण एजेंसी को कर दिए गए हैं, फिर भी इस कार्य के अधूरे रहने से प्रशासनिक लापरवाही उजागर हो रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि अधिकारियों की आपसी मिलीभगत के चलते उद्घाटन किया गया है, जबकि कार्य वास्तव में अधूरा है। लखनपुर विकासखंड आकांक्षी ब्लॉक के अंतर्गत आता है, जहां स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत धन की बंदरबांट की जा रही है।
विकासखंड स्वच्छता अधिकारी अविनाश राज सिन्हा ने बताया कि उद्घाटन के लिए नाम दिया गया था, लेकिन जानकारी मिलने पर नाम हटाने की बात कही गई। कार्यक्रम अधिकारी अभिषेक मिंज ने कहा कि यदि इस प्रकार का मामला है, तो जांच कर उचित कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।








