



रायगढ़।
जिले में धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है और इसी संदर्भ में कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने समय-सीमा की बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जप्त धान को मंडी अधिनियम के अंतर्गत निकटतम मंडी अथवा स्थानीय पंचायत के सुपुर्द किया जाए। कलेक्टर ने सख्त हिदायत दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण के साथ-साथ केंद्रों में स्टॉकिंग हेतु पर्याप्त हमाल उपलब्ध करवाने और किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरे जल्द से जल्द लगवाने के आदेश भी दिए गए।
कलेक्टर ने बैठक के दौरान विभिन्न विभागीय कार्यों की क्रमवार समीक्षा की। मत्स्य विभाग में चल रही योजनाओं और केसीसी निर्माण प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की और संबंधित अधिकारी को बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जनदर्शन, जन समस्या निवारण शिविर और शिकायत पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के समय-सीमा में निपटारे के निर्देश भी दिए। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए, बीईओ और एसडीएम को समन्वय कर कार्य करने और प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को यूथ सेंटर में आर्मी भर्ती के लिए कोचिंग व्यवस्था की तैयारी के निर्देश दिए। उद्यानिकी विभाग से पीपल के पौधों के उपयोग की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने पुसौर और रायगढ़ के सीईओ जनपद को पौधों को अमृत सरोवर में लगाने का निर्देश दिया। पाम आयल क्षेत्र विस्तार के लिए उद्यानिकी विभाग को विस्तार बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत पीएचई विभाग को सर्वे कार्य में तेजी लाने और जिले में टंकी निर्माण के रुके कार्यों में देरी पर संबंधित ठेकेदारों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय से प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति और स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0 सर्वे के बारे में भी जानकारी ली। महिला बाल विकास विभाग में भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग से छात्रावासों की निरीक्षण की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने विस्तृत कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही विभागों के नए कार्यों को बजट में शामिल करने और मिल्क रूट निर्धारण के अंतर्गत नेपियर लगाने के निर्देश भी दिए। विद्युत पोल की शिफ्टिंग के संबंध में संबंधित एसडीएम को फॉलोअप लेकर कार्य पूरा करने को कहा गया।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और मेडिकल कॉलेज के लिए बनाए गए कार्ययोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, एडीएम संतन देवी जांगड़े और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अग्निवीर भर्ती की तैयारियों की समीक्षा्
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने आगामी 4 दिसंबर से बोईरदादर स्टेडियम में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने ट्रैक, अभ्यर्थियों के रहने की व्यवस्था, जल आपूर्ति, कैमरा, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, हेल्प डेस्क आदि के बारे में जानकारी ली और सभी अधिकारियों को समन्वयपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश
कलेक्टर ने नगर पालिकाओं और त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के संदर्भ में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के कार्य को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य मतदाता मतदान से वंचित न रहे और नए मतदाताओं के नाम प्राथमिकता के साथ जोड़े जाएं।





