बिलासपुर।
फेसबुक पर दोस्ती कर अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देकर 21 लाख रुपए की ठगी करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फेसबुक पर एक लड़की की फर्जी आईडी बनाकर लोगों को अपना शिकार बनाया था। आरोपी, Magic Women एप्लीकेशन का इस्तेमाल करके लड़की की आवाज में बात करते थे। जानकारी के अनुसार, मुरली पटेल निवासी ग्राम पाली, थाना जांजगीर को फेसबुक पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट प्राप्त हुई। इस रिक्वेस्ट को स्वीकार करने के बाद, फर्जी आईडी से लड़की की आवाज में आरोपी ने मुरली पटेल से लंबी बातचीत की। इसके दौरान आरोपी ने मुरली से अश्लील वीडियो मंगवाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की।
आरोपी ने कई किस्तों में मुरली पटेल से कुल 21 लाख रुपए उनके बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। बावजूद इसके, आरोपी की ओर से लगातार पैसे की मांग जारी रही। इस मामले में साइबर थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रायगढ़ में दबिश दी और तीन आरोपियों प्रीतम महंत, कामेष साव और हेमसागर पटेल को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और ठगी की रकम से खरीदे गए घरेलू व सोने-चांदी के जेवरात जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










