
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
खुर्सीपार पुलिस को दो शातिर चोरों को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इन चोरों को एक ई-रिक्शा चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया, और पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि इन्होंने पिछले वर्ष एक आर्मी जवान के घर भी जेवरातों की चोरी की थी। यह जानकारी आज एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने दी।
एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि कुछ दिन पहले खुर्सीपार थाने में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसका ई-रिक्शा चोरी हो गया है। इस रिपोर्ट के बाद क्राइम ब्रांच और खुर्सीपार थाने की टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से और पुराने अपराधियों से पूछताछ की। इस दौरान मुखबीर ने आदतन चोर मेराज आलम का नाम लिया। पुलिस ने उसे और उसके साथी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने ई-रिक्शा चोरी करने की बात कबूल की। साथ ही, पिछले साल अगस्त में एक आर्मी जवान के घर हुई जेवरातों की चोरी भी उन्होंने स्वीकार की। खास बात यह रही कि, चोरी के एक साल बाद भी चोरों ने जेवरातों को नहीं बेचा था, क्योंकि वे पकड़े जाने के डर से उन्हें संभाल कर रखे हुए थे। पुलिस ने पूरी तरह से चोरी किए गए गहनों को जब्त किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।









