भिलाईनगर (रवि कमार भास्कर)।
आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में बुधवार को भिलाई नगर निगम में विभिन्न विकास कार्यों के बारे में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधोसंरचना, राज्यप्रवर्तित योजनाओं, सांसद निधि, विधायक निधि, पार्षद निधि, मूलभूत सुविधाओं और 15वें वित्त आयोग के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान आयुक्त पाण्डेय ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो भी विकास कार्य चल रहे हैं, उन्हें गुणवत्तापूर्वक और समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। आयुक्त ने कहा कि यदि कोई ठेकेदार कार्य में विलंब कर रहा है या गुणवत्ता की कमी हो रही है तो उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने नए कार्यों के लिए प्रस्ताव बनाने से लेकर कार्यादेश और कार्य पूर्ण होने तक की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने बैठक के बाद प्रातः भ्रमण कर विभिन्न जोन क्षेत्रों का निरीक्षण किया और मौके पर अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी समस्याएं या कमी आ रही हैं, उनका तुरंत समाधान किया जाए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता, जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उपअभियंता, राजस्व अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, उद्यान अधिकारी और निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।










