भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय प्रतिदिन सुबह दौरा कर रहे हैं। नागरिकों से सीधे संवाद कर रहे हैं, उनके सवालों का जवाब दे रहे हैं। यदि कहीं कोई कमी हो रही है, तो संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के लिए निर्देशित कर रहे हैं। सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्य, उद्यान, तालाब सौंदर्यीकरण, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पानी सप्लाई, सड़क निर्माण आदि सभी मुद्दों पर नागरिकों से संपर्क कर कार्यों के संपादन के लिए निर्देश दे रहे हैं। इस दौरान अगर नागरिकों की ओर से लापरवाही पाई जाती है, तो उस पर कार्रवाई भी की जा रही है।

इसी क्रम में आयुक्त पाण्डेय ने आज जोन क्रमांक 02 में ओम शांति ओम चैंक में 200 मीटर रोड चौड़ीकरण का जायजा लिया। उसके बाद सियान सदन में बने निर्माण और बगल में स्थित खेल उद्यान का निरीक्षण किया। इसके बाद हाउसिंग बोर्ड जवाहर नगर सूर्य कुण्ड तालाब के आसपास की स्थिति का अवलोकन किया। आयुक्त ने तालाब का उपयोग कर रहे नागरिकों से आसपास सफाई बनाए रखने और गंदगी न फैलाने की अपील की।
तभी श्रीमती जयंती जैना ने सूर्य कुण्ड तालाब में कचरा डालते हुए पाए जाने पर आयुक्त पाण्डेय ने तुरंत इस कृत्य पर कार्रवाई करने का आदेश दिया। श्रीमती जैना ने बताया कि उनके पास अभी पैसा नहीं है, जिसके बाद नगर निगम की टीम उनके घर गई और 500 रुपये का अर्थदण्ड वसूल किया। इसके बाद रसीद भी दी गई। मोहल्ले में अन्य नागरिकों ने जब देखा कि कचरा डालने पर अर्थदण्ड लिया जा रहा है, तो वे भी सचेत हो गए और तालाब में कचरा डालने से बचने का संकल्प लिया।
इसके अतिरिक्त तालाब के पास वृक्षारोपण किया गया था, लेकिन पेड़ सूखने लगे थे क्योंकि उन्हें पानी नहीं मिल रहा था। आयुक्त पाण्डेय ने स्वयं बाल्टी में पानी भरकर पेड़ों को पानी देना शुरू किया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को यह निर्देश दिया कि पेड़ लगाने के साथ-साथ उनके लिए पानी की व्यवस्था भी हमारी जिम्मेदारी है।
भ्रमण के दौरान जोन आयुक्त येशा लहरे, कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा, स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह और वार्ड सुपरवाइजर अपने स्वच्छता गैंग के साथ उपस्थित थे।










