जगदलपुर (कौशल संदुजा)।
बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल के सानिध्य में माँ मावली क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन हुआ। इस आयोजन में बस्तर के ग्राम प्रमुखों ने विधायक का स्वागत करते हुए उनकी गरिमामई उपस्थिती के लिए आभार व्यक्त किया।

आज के शुभारंभ मैच में कोसमी और छापापदर के बीच मैच खेला गया। छापापदर के खिलाड़ियों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 39 रन बनाए। मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
विधायक लखेश्वर बघेल ने इस मौके पर अपने उद्बोधन में कहा, “मनुष्य के जीवन में भोजन की तरह खेल भी जरूरी है। खेलों के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है, और इससे आपस में भाईचारा भी बढ़ता है। खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि यह शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।”
उन्होंने आगे कहा, “खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। हारने वाले को जीतने के लिए और जीतने वाले को अपनी जीत बरकरार रखने के लिए खेलना चाहिए। क्रिकेट देश में एक बहुत ही लोकप्रिय खेल है, और यह खेल ग्रामीण इलाकों में भी काफी पसंद किया जाता है। छोटे गांवों से भी कई अच्छे खिलाड़ी सामने आ सकते हैं, जो देश का नाम रोशन कर सकते हैं।”
इस मौके पर बस्तर विधायक ने बस्तर के श्री प्रदीप कुमार मिस्त्री के सुपुत्री सौ. सुष्मिता मिस्त्री के विवाह समारोह में भी शिरकत की और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दी। उन्होंने उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम बिसाई, लखेश्वर कश्यप, मोहनलाल, नरसिंह नागेश, हुशेन खान, तुलसीराम ठाकुर, राजेश कुमार, तीरनाथ, मुरली गुप्ता, सीतानंद, देवनाथ, खगेश्वर, संतराम, निलंबर, नितेश बिसाई और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।










