भिलाई (रवि कुमार भास्कर)।
भिलाई नगर निगम के भेलवा तालाब में पिछले 18 वर्षों से ‘तलैया वॉलीबॉल’ की अनूठी परंपरा जारी है। यहां रेत डालकर बनाए गए वॉलीबॉल ग्राउंड पर हर सुबह 7 बजे से लेकर 10 बजे तक खिलाड़ी वॉलीबॉल खेलते हैं। यह खेल हर उम्र के लोगों के लिए खुला है, जिसमें 18 से 65 वर्ष तक के खिलाड़ी उत्साह से हिस्सा लेते हैं।
खिलाड़ियों के मुताबिक, यह अभ्यास न केवल फिटनेस बनाए रखने में मदद करता है, बल्कि सामाजिक जुड़ाव भी बढ़ाता है। यतींद्र चंद्राकर ने बताया, “समुद्र के किनारे बालू में वॉलीबॉल खेलने से प्रेरित होकर हमने यहां यह पहल शुरू की। बालू पर खेलना शारीरिक ताकत बढ़ाने में भी मदद करता है। यहां बिजनेसमैन, निगम के ठेकेदार, नौकरीपेशा और छात्र सभी शामिल होते हैं।”
भेलवा तालाब का यह क्षेत्र सुबह के समय विभिन्न गतिविधियों का केंद्र बन जाता है। तालाब के एक तरफ वॉलीबॉल खेला जाता है, तो दूसरी तरफ लोग योग, व्यायाम और जिम का आनंद लेते हैं। स्थानीय हैप्पी ग्रुप द्वारा लाफिंग थेरेपी सत्र भी आयोजित किए जाते हैं।
भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडे ने हाल ही में क्षेत्र का निरीक्षण किया और इसे और विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा, “तालाब के चारों ओर हरियाली, बीच में सरोवर और खिलाड़ीयों का जोश देखकर खुशी होती है। शाम के समय मैं फिर यहां टहलने और निरीक्षण के लिए आऊंगा।”
प्रमुख खिलाड़ी और टीम की जिम्मेदारी:
खिलाड़ियों में जय कुमार शर्मा, दयाल भमभवानी, भूषण, राज किशोर विश्वकर्मा, सी विजू, राहुल कोठारी, नीलेश कोठारी, वीरेंद्र सिंह, श्रीनिवास अग्रवाल, आर पी भुसावल, सूरज राय, मनीष, मनेश्वर, कुणाल डोंगरे, महावीर चंद्राकर और जितेंद्र सिंह जैसे नाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी अपनी-अपनी टीम की जिम्मेदारी कुशलता से निभा रहे हैं।
खुशनुमा माहौल और प्रतिस्पर्धा:
यहां का माहौल हमेशा खुशनुमा रहता है। हारने वाली टीम द्वारा नाश्ता कराने की परंपरा इसे और मजेदार बनाती है।










