Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

तालाबों के सीमांकन, निर्माण कार्य और आयुष्मान कार्ड को लेकर आयुक्त ने की समीक्षा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।

नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने विकास और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई। आयुक्त ने चल रहे कार्यों की गति को तेज करने के निर्देश दिए और पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा की।

 

निर्माण कार्यों की समय सीमा पर जोर
आयुक्त पाण्डेय ने वर्ष 2023 से शुरू हुए सभी निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी कार्य लंबित हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। इसके अलावा, निगम क्षेत्र के सभी तालाबों का सीमांकन सुनिश्चित करने और राजस्व रिकॉर्ड को अद्यतन करने के लिए कहा, ताकि अतिक्रमण की घटनाओं को रोका जा सके।

आयुष्मान और राशन कार्ड के कार्य में तेजी
आयुक्त ने आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को तेज करने का आदेश दिया ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। नवीन राशन कार्डों के वितरण को गति देने के लिए प्रत्येक सोमवार को जोन कार्यालयों में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 4:00 बजे तक शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक इन शिविरों में जाकर अपने नवीन राशन कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।

सफाई और स्वच्छता पर जोर
नगर निगम क्षेत्र में सामुदायिक सुलभ शौचालयों के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय सीमा में पूरा करने के लिए निर्देश दिए गए। साथ ही, पेयजल व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने, नल की टूटी टोटियों और पाइप लीकेज की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।

आयुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जो नागरिक कचरे को अलग नहीं करते, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाए। लगातार समझाने के बावजूद ऐसा न करने वाले घरों से कचरा लेने पर रोक लगाने की भी बात कही गई।

बैठक में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, राजस्व अधिकारी, उद्यान अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी और जोन स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow