भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर) ।
नगर पालिक निगम भिलाई में नववर्ष के अवसर पर वर्षों पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने आयुक्त को बधाई दी। हालांकि, इस बार आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने खुद सभी विभागों में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को नववर्ष 2025 की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कर्मचारियों से उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली और संवाद करते हुए काम के प्रति उनकी भूमिका पर चर्चा की।

आयुक्त ने राजस्व और संपत्तिकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निगम का राजस्व बढ़ाने पर जोर देने का निर्देश दिया, ताकि निगम की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके और कर्मचारियों के साथ अन्य भुगतान समय पर किए जा सकें। उन्होंने कहा कि नववर्ष के अवसर पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि कार्यालय समय पर आएं, अपने कार्यों को निष्पादित करें और जनता से सद्भावपूर्ण व्यवहार करें। आयुक्त ने कहा, “हर आगंतुक को उनके प्रश्नों का उत्तर मिलना चाहिए।”
काउंटर शाखा में सुविधाओं की कमी का निर्देश
आयुक्त ने मुख्य कार्यालय की काउंटर शाखा का निरीक्षण किया और पाया कि बुजुर्गों और दिव्यांगों के बैठने की व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने भवन संधारण अधिकारी दौलत चंद्राकर को निर्देश दिया कि आगंतुकों के लिए शीघ्र कुर्सियों की व्यवस्था करें।
प्रधानमंत्री आवास योजना पर जोर
प्रधानमंत्री आवास योजना को जनता से जुड़ा एक प्रमुख विभाग बताते हुए आयुक्त ने सभी प्रक्रियाओं को तय समय सीमा में पूरा कर लाभार्थियों को मकान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
महापौर नीरज पाल ने भी सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में तत्पर रहें। उन्होंने कहा, “जनता जो भी कार्य के लिए विभाग में आए, उसे पूरी जानकारी अच्छे से दी जाए, ताकि उसे बार-बार विभाग में आने की जरूरत न पड़े। हमारा कर्तव्य है कि जनता संतुष्ट होकर जाए।”










