



कोरबा।
05 जनवरी को शहर के लालू राम कॉलोनी निवासी सर्राफा व्यापारी गोपाल राय सोनी की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने आखिरकार सुलझा लिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया। इस जघन्य अपराध को सुलझाने के लिए 80 से अधिक पुलिस कर्मियों की 14 टीमें अलग-अलग टास्क पर सक्रिय रहीं।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि 05 जनवरी की रात व्यापारी गोपाल राय सोनी की उनके घर में हत्या कर दी गई थी। घटना की रिपोर्ट मृतक के बेटे नचिकेता राय सोनी ने पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि रात 10 बजे जब वह घर पहुंचा तो पोर्च में खड़ी सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार (क्रमांक झ-01 सीसी-4455) गायब थी। घर का दरवाजा बाहर से बंद था। दरवाजा खोलने के बाद उसने देखा कि उसके पिता गोपाल राय सोनी फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना स्थल पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान, रविंद्र कुमार मीना (भा.पु.से.), नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा भूषण एक्का और अन्य अधिकारी पहुंचे। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और एफएसएल कोरबा मोबाइल यूनिट को मौके पर बुलाया गया। घटना स्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से पहुंचे आरोपियों तक
अनुसंधान के दौरान घटना स्थल और उसके आसपास लगे 370 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। दो नकाबपोश व्यक्तियों के दिखाई देने की पुष्टि हुई। मुखबिर से सूचना मिली कि कुंआभट्ठा निवासी मोहन मिंज के हाथ में चोट लगी है, जो सीसीटीवी में दिखे संदिग्धों से मिलती है। पुलिस ने मोहन मिंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने घटना से इनकार किया, लेकिन लगातार पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मोहन मिंज ने बताया कि उसके मोहल्ले का सूरज पुरी गोस्वामी, जो पहले गोपाल राय सोनी की गाड़ी चलाता था, ने चोरी की योजना बनाई थी। सूरज ने अपने भाई आकाश पुरी गोस्वामी को भी इस साजिश में शामिल किया। 05 जनवरी की रात सूरज और मोहन, आकाश की सूचना पर गोपाल राय सोनी के घर पहुंचे। चोरी के दौरान गोपाल राय सोनी ने उन्हें देख लिया। इस पर सूरज ने गोपाल राय सोनी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात में शामिल तीन आरोपी, दो गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मोहन मिंज और आकाश पुरी गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपी सूरज पुरी गोस्वामी फरार है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूरज की तलाश में कई टीमें रवाना की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में:
- आकाश गिरी गोस्वामी (पिता- जगदीश पुरी गोस्वामी), उम्र 24 वर्ष, निवासी मकान नंबर 107, कुआभट्ठा, चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली, जिला कोरबा।
- मोहन मिंज (पिता- गोपाल मिंज), उम्र 23 वर्ष, निवासी कुआभट्ठा, चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली, जिला कोरबा।
तीसरा आरोपी सूरज गिरी गोस्वामी (पिता- जगदीश पुरी गोस्वामी), उम्र 28 वर्ष, निवासी मकान नंबर 107, कुआभट्ठा, चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली, जिला कोरबा, फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं।
तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ से हुआ खुलासा
मोहन मिंज ने बताया कि सूरज ने उसे बताया था कि अगर सेठ के घर की चाबी मिल जाए, तो वे दुकान में रखा सोना-चांदी और नकदी लूट सकते हैं। सूरज ने आकाश से भी इस बारे में बात की थी। घटना की रात आकाश ने फोन करके बताया कि सेठ और उनकी पत्नी घर में अकेले हैं। इसके बाद दोनों घर में घुस गए। चोरी के दौरान गोपाल राय सोनी के देख लेने पर सूरज ने चाकू से उन पर हमला कर दिया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस चुनौतीपूर्ण हत्याकांड के खुलासे में पुलिस की कई टीमों ने अहम भूमिका निभाई। थाना सिविल लाइन रामपुर के निरीक्षक प्रमोद डनसेना, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल, कुसमुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा, बालको थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह और उरगा थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी सहित सायबर सेल बिलासपुर और कोरबा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत कर मामले को सुलझाया।
जांच में शामिल प्रमुख अधिकारी और कर्मी
इस मामले की जांच में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों में:
- निरीक्षक प्रमोद डनसेना (थाना प्रभारी, सिविल लाइन रामपुर)
- निरीक्षक मोतीलाल पटेल (थाना प्रभारी, कोतवाली)
- निरीक्षक रूपक शर्मा (थाना प्रभारी, कुसमुंडा)
- निरीक्षक अभिनवकांत सिंह (थाना प्रभारी, बालको)
- निरीक्षक युवराज तिवारी (थाना प्रभारी, उरगा)
- उप निरीक्षक प्रभाकर तिवारी (सायबर सेल बिलासपुर)
- उप निरीक्षक अजय सोनवानी (प्रभारी, सायबर सेल)
- सउनि राम पांडेय, सउनि अजय सिंह, सउनि महिपाल सिंह, सउनि कुलदीप तिवारी, सउनि अनिता खेस सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
[pdf_embed url=”https://omdarpan.com/wp-content/uploads/2025/01/10-jan-2025-se-16-jan-2025-varsh-20-omdarpna-11.pdf”]





