भिलाई नगर (रवि कुमार भास्कर) ।
नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में चारों जोन में अत्याधुनिक और सुव्यवस्थित बैडमिंटन ग्राउंड बनाए जाएंगे। इस परियोजना के तहत निर्माणाधीन ग्राउंड का निरीक्षण आयुक्त राजीव कुमार पांडेय, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा और निर्माणकर्ता एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ किया।

निरीक्षण के दौरान निर्माण की गुणवत्ता और उपयोगी सुविधाओं पर चर्चा हुई। विनीता वर्मा ने जानकारी दी कि इन ग्राउंड्स में स्टोट्रफ्स, चारों तरफ फैसिंग, नायलॉन नेट और एलईडी फ्लड लाइट जैसी सुविधाएं होंगी। ये ग्राउंड मल्टीपरपज होंगे, जिनका उपयोग बैडमिंटन, नेटबॉल और फुटबॉल की प्रैक्टिस के लिए किया जा सकेगा। चारों तरफ नेट लगाए जाने से खेल सामग्रियां बाहर नहीं जाएंगी और खिलाड़ियों को सुरक्षित प्रैक्टिस का माहौल मिलेगा। एलईडी लाइट्स से रात्रि में भी दिन जैसे उजाले में खेलना संभव होगा।
महापौर परिषद की बैठक में यह प्रस्ताव पारित हुआ था, जिसमें चार जोनों में बैडमिंटन ग्राउंड बनाए जाने का निर्णय लिया गया।
- जोन-1: नेहरू नगर वार्ड क्रमांक 05, वाहन शाखा के उत्तर दिशा में नेशनल हाईवे के समीप निगम की रिक्त भूमि।
- जोन-2: वैशाली नगर वार्ड क्रमांक 24, हाउसिंग बोर्ड स्टेडियम के पीछे सियान सदन के बगल में रिक्त भूमि।
- जोन-3: मदर टेरेसा नगर वार्ड क्रमांक 56, घासीदास उद्यान के अंदर सेक्टर 2 एवन्यू सी रोड।
- जोन-4: शिवाजी नगर खुर्सीपार वार्ड क्रमांक 49, श्री राम चौक खेल मैदान के अंदर पूर्व दिशा के किनारे।
आयुक्त पांडेय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य उपयोगी और टिकाऊ हो। स्थानीय खिलाड़ियों की समिति बनाकर उनका मार्गदर्शन और सहयोग लिया जाए ताकि उन्हें इस ग्राउंड के उपयोग और सुरक्षा का महत्व समझाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपअभियंता अर्पित बंजारे, श्वेता वर्मा और जनसंपर्क अधिकारी अजय कुमार शुक्ला भी उपस्थित रहे।
[pdf_embed url=”https://omdarpan.com/wp-content/uploads/2025/01/17-jan-2025-se-23-jan-2025-varsh-20-omdarpna-12.pdf”]










