
भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
नगर पालिक निगम भिलाई में 22 नये कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। ये कर्मचारी वे हैं, जिनके पिता/माता या सगे संबंधी निगम भिलाई में नियमित कर्मचारी थे। छत्तीसगढ़ शासन ने इन कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने की स्वीकृति प्रदान की थी। माननीय मुख्यमंत्री जी ने खुद अपने हाथों से इन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया। वर्तमान में कर्मचारियों की आवश्यकता को देखते हुए इन्हें विभिन्न विभागों में पदस्थ किया जाएगा।

आज स्थापना अधीक्षक रीता चतुर्वेदी द्वारा सभी कर्मचारियों को विभागों में जाकर उनसे परिचय कराया गया। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर कर्मचारियों को विभागीय ट्रेनिंग दी जा रही है। इस ट्रेनिंग का उद्देश्य कर्मचारियों को निगम भिलाई में हो रहे कार्यों के बारे में जानकारी देना है। साथ ही, कर्मचारियों को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि विभिन्न विभागों में किस प्रकार दायित्वों का निर्वहन किया जाता है।
इससे उनका कार्य के प्रति मनोबल भी बढ़ेगा और वे वास्तविकता से अवगत होंगे। इससे पहले, अनुकंपा नियुक्ति में नियुक्त कर्मचारियों को सीधे विभागों में पदस्थ किया जाता था, जिससे वे अन्य विभागों के बारे में अनभिज्ञ रहते थे। अब, संपत्तिकर, राजस्व, सामान्य प्रशासन, स्वास्थ्य, डाटा सेंटर, लेखा विभाग, जोन कार्यालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, काउंटर, लोक सेवा गारंटी आदि से संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा इन कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है।
महापौर नीरज पाल ने इस पहल को बहुत अच्छी बताया। उनका कहना था कि नगर निगम की कार्य प्रणाली बहुत व्यापक है। यहां जन्म से लेकर मृत्यु तक के कार्यों के लिए जरूरत पड़ती रहती है। जो भी निगम क्षेत्र में रहेगा, उसे निगम से संबंधित कार्य करना ही पड़ेगा। इस पहल से कर्मचारियों को सहजता से काम करने का अनुभव मिलेगा और नागरिकों को भी इसका फायदा होगा।









